लड़कियां टेलरमेड नहीं होती

लड़कियां  टेलरमेड नहीं होती 

 आयशा बचपन से ही गोल मटोल प्यारी सी बच्ची थी ।सब उसे मोटा बच्चा ,गोलगप्पा कह कर बुलाते, आते जाते उसके गालों पर हाथ भी लगाते। आयशा अपने पापा मम्मी की लाडली भी थी। तीन बहनें और एक भाई बचपन प्यार से गुजर रहा था, पर जैसे-जैसे आयशा थोड़ी बड़ी होती गई, वह समझती गई कि वह सामान्य लड़कियों से थोड़ी मोटी है।
 स्कूल के एनुअल फंक्शन में भी वह सिंड्रेला का रोल करना चाहती थी ,उसे सारे डायलॉग अच्छे से याद थे, लेकिन मैडम बोले, अरे इतनी मोटी सिंड्रेला नहीं चलेगी। प्यारी सी आयशा का दिल टूट गया, और फिर तो ऐसे कई मौके आए जब उसे अपने मोटापे के लिए रोना पड़ा। उसका मन भी होता कि वह  शॉर्ट्स पहने ,नई नई ड्रेस पहने ,लेकिन घर पर कोई ना कोई टोक देता ।
अरे नहीं यह ड्रेस तुम पर अच्छी नहीं लगेगी। आयशा को बहुत बुरा लगता। हमारे यहां पर मोटी लड़कियों को एक अलग ही फ्रेम में मढ़ दिया जाता है ।आयशा बड़ी हो रही थी, उसने अपनी ग्रेजुएशन कंप्लीट कीऔर इसके साथ ही जाब भी करना शुरू कर दिया ।उम्र के हिसाब से मम्मी पापा सोच रहे थे कि अब इसकी शादी कर दें। 
 हमारे भारतीय समाज की विडंबना यह है कि लड़कियों को देखा जाता है , आयशा के भी देखने दिखाने कासिलसिला शुरू हुआ ।आयशा की मम्मी हर वक्त कोशिश करती रहती, बिटिया के लिए कोई अच्छा सा लड़का मिल जाए। आयशा को जब भी कोई देखने आते ,वह अच्छे से सजती संवरती,लेकिन लड़के वाले कोई ना कोई टिप्पणी छोड़कर चले जाते ,या बाद में जवाब देंगे, बोलकर जवाब नहीं देते। एक बार तो हद हो गई, एक लड़के वाले देखने के लिए आए, लड़का नहीं आया, वह एयर फोर्स में जॉब करता था। लड़के की मम्मी और मासी आई ,मासी किसी स्कूल की प्रिंसिपल थी। उन्हें आयशा पसंद आ गई। जाते जाते  बोली मासी बोलीशादी की तारीख  निकालेंगे जब तक तुम अपना वेट लॉस कर लो ,तुम दुबली हो जाओगी तो हमारे बेटे के साथ तुम्हारी जोड़ी बहुत जमेगी। आयशा उन दोनोंकी तरफ देखने लगी।  मौसी हंसते हुए बोली इसमें क्या बड़ी बात है ?लड़कियां तो टेलरमेड( अर्थात टेलर जैसा चाहता है वैसी ड्रेस बना देता है, वैसे ही लड़कियों को जो चाहे वह बना सकते हैं,) होती हैं ,उन्हें जैसा होना होता है, हो जाती है। आयशा को थोड़ा गुस्सा आ गया उसने कहा, जी मैं अपना वजन कम कर लूंगी, आप अपने बेटे से कहिएगा कि वह अपनी हाइट थोड़ी कम कर ले ,ताकि जोड़ी और अच्छी लगेगी।
 यह बात सुनकर लड़के की मम्मी और मौसी दोनों को गुस्सा आ गया, और कहने लगे आपकी लड़की तो बहुत जबान चलाती है, और ऐसा कह कर वे चले गए। बेचारी आयशा की तो शामत आ गई। मम्मी कहने लगी, अच्छा भला रिश्ता जम रहा था, लेकिन तुम्हारे बड़बोले पर के कारण बात जमते जमते रह गई।   आयशा बोली "क्यों क्या मुझे ना कहने का हक नहीं है, क्यू हर लड़की लड़के वालों को  झोली में पके हुए आम की तरह  मिल जाए जाए? 
मम्मी पापा उदास होने लगे थे। आयशा के बाद दो छोटी बहनें   थी ।
यह सब आयशा को  बिलकुल अच्छा नहीं लगता था ।एक दिन अपने पापा से बोली "पापा बंद कीजिए मेरी यह नुमाइश मुझे नहीं करना शादी, और जब भी कोई मुझे पसंद करेगा, तब कर लूंगी शादी ,अब इस चैप्टर को बंद कीजिए ।" लड़के वालों के आने पर सजना सवरना, अच्छे कपड़े पहनना ,आंखों में काजल लगाना ,और होठों पर लिपस्टिक लगाना ,क्रीम पाउडर लगाना तैयार होना यह  सब मुझे अच्छा नहीं लगता है।
आयशा अपने जाब के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जाती थी। एक रिक्शेवाले अमित के साथ प्रतिदिन आना जाना होता था। एक घंटा  कुछ ना कुछ बातचीत हो ही जाती थी। थोड़े समय बाद अमित बोला" मैं तुम्हें पसंद करने लगा हूं ,और मेरी मम्मी तुम्हारे यहां हमारे रिश्ते की बात करने आएगी। आयशा ने कभी सोचा नहीं था,बोली आईने में शक्ल देखी है, अपनी। मैं कभी भी तुमसे शादी नहीं करूंगी ।अमित ने प्यार भरे  लहजे में बोला ,थोड़ा सोच कर तो देखना। मैं तुम्हें सदा खुश रखूंगा
 आयशा घर पर आ गई। उसने कभी भी अमित के प्रति प्यार की भावना महसूस नहीं की थी, बस आते जाते रास्ते में बातचीत हो जाया करती थी, लेकिन उसके दिल में आयशा के प्रति कब प्यार का एहसास हो गया, समझ नहीं पाई।
 वह सोचती रही एक बंदा आगे आकर मुझसे मेरा हाथ मांग रहा है।
 अगले ही दिन उनकी मम्मी हमारे घर आ गई, वे  ज्यादा पढ़ी लिखी नहीं थी, लेकिन बहुत अच्छे से बातचीत की । आयशा को देखा भी नहीं और कहा कि, मेरे बेटे को पसंद है, तो हमें भी पसंद है, और हम नहीं चाहते कि बिटियां यह दिखाने के रस्मो रिवाज में पड़े। अगर आपको मंजूर हो तो आप जवाब दीजिएगा ।
आयशा के मम्मी पापा ने पूछा। अब तक आयशा की उम्र भी हो गई थी ,और वह दुनियादारी को समझने लगी थी।उसने अपनी मम्मी पापा को स्वीकृति दे दी। आज आयशा की शादी को 25 वर्ष हो चुके हैं ।दोनों पति पत्नी बहुत प्यार से रहते हैं ।आयशा ऐसा महसूस करती है कि हम सफर के पास भले ही  डिग्रीधारी ना हो  ना हो बहुत बड़ी पोस्ट पर  हो, वह अपनी पत्नी को गहनों से ना लाद सके, बहुत बड़ा घर नहीं दे सके ,या कोई सुख सुविधाएं कम भी मिल जाए, तो कोई बात नहीं, लेकिन शादी में पति का पत्नी के प्रति सम्मान होना जरूरी है। सम्मान, समर्पण, और प्रेम इन तीनों से  किसी भी विवाह को खुशनुमा विवाह में परिवर्तित किया जा सकता है।
 प्रगतिशील कहे जाने वाले लोगों के भी अपने-अपने टैबू होते हैं। और वे भी कहीं ना कहीं मानसिक यंत्रणा देते हैं। उच्च वर्गीय लोगों का शोषण करने का अपना तरीका होता है। मध्यमवर्गीय लोगों का अपना तरीका होता है। लेकिन भले ही हमारे पास उच्च शिक्षा ना हो, लेकिन हमारी  समझ अच्छी है, तो वही महत्वपूर्ण है। पत्नी को खुश रखने मेंं डिग्री का कोई -रोल  नहीं है।ऐसा उसे महसूस होता था। पढ़ी-लिखी प्रिंसिपल मेडम से कम पढ़ी लिखी मेरी सास ज्यादा अच्छी है ।ढेर सारे प्रश्न उसके दिमाग में चलते रहते। उसे लगता ऐसा समय कब आएगा ,जब शिक्षा के साथ सही समझ विकसित होगी, और लड़कियां जिस रूप में है, उसी रूप में स्वीकार की जावेगी।उसके कद, काठी, रंग, रूप इन सबसे परे हटकर उसे अपने दिल में स्थान देकर उसके व्यक्तित्व से प्यार करेंगे, दिल से प्यार करेंगे, वह दिन बड़ी खुशी का दिन होगा, और लड़कियों को टेलरमेड नहीं समझा जाएगा।
 रचना मौलिक एवं अप्रकाशित
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ