हेलमेट
छोटी सी कहानी
हेलमेट
सुनंदा सो कर उठी, ईश्वर का स्मरण किया, ब्रश किया, और चाय बनाने के लिए रसोई घर में गई ।चाय में चीनी डालने के लिए अलमारी को खोला, और अलमारी के दरवाजे से सिर के ऊपर चोट लग गई। सुनंदा ने तुरंत हेलमेट लगा लिया। प्रतिदिन घर के हर कार्य करते समय भी वह हेलमेट लगाकर ही रहतीऔर चोट से बचती रहती ।हेलमेट तभी निकालती जब एकदम फुर्सत में होती।
बाजार के लिए निकली तो नीचे कुछ बच्चे खेल रहे थे ,बाल आ कर एकदम सिर से लगी लेकिन चोट नहीं लगी ,क्योंकि हेलमेट था। रिक्शे में बैठने लगी तो एकदम सिर के ऊपर चोट लगी पर बच गई, क्योंकि हेलमेट था। सब्जी वाले से सब्जी लेते समय नीचे गिरे हुए आलू को उठाते हुए ठेले की एकदम लग गई ,लेकिन बच गई क्योंकि हेलमेट था। आसपास के सभी लोग, सब्जी वाले, फल वाले, रिक्शा वाले, बच्चे सभी उसे देख कर हंसते थे, क्योंकि वह प्रतिदिन प्रति समय ,हेलमेट लगा कर रखती थी।
सुनंदा शाम को घर आई ,दीपक लगाया और अपने बेटे की तस्वीर के आगे हेलमेट को रख दिया। सड़क दुर्घटना में हेलमेट ना होने की वजह से इकलौते पुत्र की जान चली गई थी, और सुनंदा की ओर से अपने बेटे के लिए इससे बड़ी श्रद्धांजलि नहीं हो सकतीं थीं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें