खाली घोंसला ःःःःःआशा का हौसला
खाली घोंसलाःःःःःःःः आशा का हौसला
बाहर लाने में बैठे हुए हरीश जी अपनी पत्नी मृदुला के साथ चाय पी रहे थे ।चाय पीते समय देश दुनिया ,राजनीति ,सब पर चर्चा करना भी उनका नियम था। मृदुला बहुत ज्यादा बोलती तो नहीं थी फिर भी हरीश का बराबर साथ देती थी ,लेकिन इन दिनों हरीश महसूस कर रहे थे कि मृदुला बहुत चुप-चुप सी रहने लगी है। वे सोचने लगे कि मृदुला को क्या हो गया?
हर दम मुस्कुराने वाली, सभी का ख्याल रखने वाली मृदुला एकदम चुप क्यों हो गई है? अभी हरीश जी की सेवानिवृत्ति में समय है। मृदुला की उम्र 55 वर्ष के करीब है। दोनों बेटे अपने कैरियर में सेटल हो गए हैं। एक अमेरिका में है, और एक बेंगलुरु में।
बच्चे जब छोटे थे मृदुला ने अपने ममता की छांव ,उत्तम परवरिश और संस्कार सभी दिए। दोनों पति-पत्नी ने अपने बच्चों को हौसलों की उड़ान भी दी ,अतः बच्चे अपने सपनों को पूरा करने के लिए अपने अपने नीड में चले गए ।
अब हरीश और मृदुला दोनों घर पर अकेले रह गए ।हरीश पुराना समय याद कर रहे थे, कैसे मृदुला ने मेरे घर में आगमन किया ,अपने प्यार, स्नेह, ममता और अपनेपन से पूरे परिवार का दिल जीत लिया। माता पिता के साथ भी बहुत अच्छे से रही, सेवा भी
की। दोनों बहनों की शादी भी मृदुला के आने के बाद ही हुई। आज भी नंनदो से संबंध बहुत मधुर बने हुए हैं ।सब कुछ बहुत अच्छा था। मृदुला पढ़ी-लिखी सुशिक्षित महिला थी, और जीवन के इतने वर्षों में घर परिवार को सहेजने, संवारने ,बच्चों की शिक्षा, दीक्षा, घर की जवाबदारी में जीवन के इतने वर्ष कैसे निकल गए, पता ही नहीं चला, लेकिन इन दिनों मृदुला को कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा है ,उसे लग रहा है, जैसे मेरे जीवन का कोई उद्देश्य ही नहीं रहा। जिस प्रकार पंछी बड़े जतन से अपना घोंसला बनाते हैं, तिनका तिनका जोड़ के सुंदर सा घोंसला तैयार होता है, और उस घोसले में बच्चे थोड़े समय तक रहते हैं, और जब योग्य होते हैं, तब वह घोंसला छोड़ कर उड़ जाते हैं। उसी प्रकार मृदुला को लगता था कि मेरे हौसले से भी पंछी उड़ गए हैं, और मेरा घोंसला खाली हो गया है। उसके मन में अजीब सी नीरवता ,चुप्पी, सन्नाटा आ गया था।
हरीश जी क्या करें? कुछ समझ ही नहीं पा रहे थे। उनके एक डॉक्टर मित्र जोकि मनोवैज्ञानिक थे, उनसे हरीश जी ने अपनी समस्या कहीं, और कहा कि मैं क्या कर सकता हूं? हरीश से पूरी बात सुनने के बाद डॉक्टर साहब समझ गए कि मृदुला को Empty Nest syndrome (खाली घोसले का डर) बैठ गया है , और वह अवसाद का शिकार हो रही है उसे अपना जीवन उद्देश्य विहिन लग रहा है। तब हरिश ने कहा कि इसका क्या हल है ?
डॉक्टर साहब बोले मृदुला के साथ थोड़ा घूमिए, नए लोगों से मिलाइए ,और मृदुला की पुरानी कोई हॉबी हो, कोई शौक हो तो उसे खोजिए, और उसे पूरा करने में सहयोग दीजिए। उस का वातावरण बदलने की जरूरत है। उसे अपने आप से प्यार करना सिखाइए। किसी के चले जाने से या व्यस्त हो जाने से जिंदगी रूकती नहीं है, इस बात को हमें समझाना है। उसे जिंदगी जीने के आनंद का महत्व समझाना है। तभी वह खुश रह पाएगी। अन्यथा उदासी, मानसिक अवसाद , जो कि कालांतर में किसी बीमारी का रूप भी ले सकता हैं।
हरीश जी उदास भी हो गए, परेशान भी हो गए, लेकिन उन्होंने मन ही मन सोच लिया कि मैं कुछ भी हो ,अपनी पत्नी को खुश करने की, स्वयं से प्यार करने की कोशिश में कोई कमी नहीं रखूंगा। वे सोचने लगे कि मृदुला को क्या शौक थे ?क्या-क्या अच्छा लगता था ?उन्हें याद आया जब उसे देखने के लिए गए थे तब उसके अध्ययन कक्ष में अच्छे अच्छे लेखकों की पुस्तकें रखी थी। उन्हें समझ में आ गया मृदुला को पढ़ने का शौक है। सबसे पहले मृदुला को लाइब्रेरी ले गए और मृदुला की पसंद की किताबें ईशु करवाई। मृदुला खुश होकर किताबों को देख रही थी, और कह रही थी, हां मैं यह पढ़ूंगी ,यह भी पढ़ूंगी।
हरीश जी को अच्छा लगा। किताबे घर में आ गई। मृदुला किताबों को पलटने लगी उसे अच्छा भी लग रहा था।
हरीश जी उसे अपने दोस्त के यहां एक समारोह में ले गए। वहां पर मृदुला को अपने परिचित पुरानी सहेली सुधा मिली वह सभी से खिलखिला कर घुल मिल रही थी। मृदुला जब उससे बातचीत करने लगी, तो पता चला उसके भी दोनों बच्चे बाहर हैं, और अपने अपने कैरियर में मस्त हैं ।तुम दिन भर क्या करती हो? मृदुला ने उससे पूछा।
उसने कहा "देखो हम दोनों को ही पढ़ने का शौक था ,बस मेरे उसी शौक के बदौलत मैं पढ़ती भी हूं, और लिखती भी हूं, और अब तो लिखे हुए को प्रकाशित करने का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी मिल गया है, अपने मन में जो खुशी मिलती है, वैसी रचनाएं लिखती हूं ।अपनी वाल से पोस्ट करती हूं, कुछ साहित्यिक मंच से भी जुड़ गई हूं, वहां पर भी अपनी रचनाएं डालती हूं। बहुत से साहित्यिक मित्र भी बन गए हैं। विचारों का आदान-प्रदान होता रहता है, अच्छा लगता है। मन में खुशी मिलती है, और खुशी का एहसास होता है ।अकेलापन भी नहीं लगता, समय बीत जाता है। पढ़ती भी रहती हूं ,और सच कहूं तो मुझे जीवन जीने में आनंद आ रहा है ।अपनी प्यारी सहेली के ऐसी बात सुनकर मृदुला के जीवन में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ। सुधा ने समझाया कि जीवन चलने का नाम है। हमें चलते रहना है। अपने आप से प्यार करना है ।जब तक हम स्वयं से प्यार नहीं करेंगे, तब तक दुनिया मे हमें कोई प्यार नहीं करेगा ,और तुझे जो भी अच्छा लगता हो वह करते रहो।
किताबें पढ़ो , कोई रुचि डेवलप कर लो ।बच्चों के जाने से बुरा तो लगता है ,कमी भी लगती है क्योंकि वह तो हमारे कलेजे के टुकड़े होते हैं। लेकिन समय के साथ हर परिवर्तन को स्वीकार करना जरूरी है। हमारे सामने दो विकल्प हैं, या तो हम उनकी याद कर करके रात दिन परेशान होते रहे, उदास होते रहे, रोते रहें और अपने आप को अस्वस्थ करें ,या फिर जीवन की दूसरी उड़ान के लिए अपने आपको तैयार कर ले। सभी की स्थितियां अलग होती है। कभी कोई पास होते हुए भी मानसिक विचारधाराओं की टक्कर से परेशान रहते हैं। कोई दूर रहकर भी याद करते रहते हैं। हमें तो बीच का रास्ता निकालना है। बच्चों से संचार माध्यम से जुड़े रहे ।जब तक स्वस्थ हैं ,अच्छे हैं तब तक अपने जीवन की नई राह पकड़ ले। कोशिश तो करें सदैव स्वस्थ रहें, बाद में क्या होगा? इसकी चिंता अभी से क्यों करें ?जो भी होगा अच्छा होगा। ईश्वर को याद करते रहे, परोपकार की भावना से अपने जीवन को आगे बढ़ाते रहें, और जो कुछ भी हमें मिला है ,उसे बांटने में ही जीवन का सच्चा आनंद है, इस बात को समझ ले, तो जीवन थोड़ा आसान हो जाएगा।
मृदुला अपनी सहेली सुधा की सभी बातों को बड़े ध्यान से सुन रही थी ,और उसे लग रहा था कि मेरे जीवन की उदासीनता अब चली जाएगी।
हरीश जी दोनों सहेलियों की बातें सुनकर मन ही मन बड़े खुश हो रहे थे, और उन्हें लग रहा था कि उनकी प्यारी पत्नी मृदुला के जीवन में भी एक आशा की उत्साह की नई किरण प्रस्फुटित हो रही है, और अपने खाली घोसले में आशा के हौसले जन्म लेते हुए नजर आ रहे थे।
सुधा जैन
असल जिंदगी की हकीकत। बहुत सुंदर रचना।
जवाब देंहटाएंजीवनकी वास्तविकता से परिचय करती कहानी बहुत ही अच्छी लगी ।
जवाब देंहटाएंvery nice Maya
जवाब देंहटाएंजीवनकी वास्तविकता से परिचय करती कहानी बहुत ही अच्छी लगी ।
जवाब देंहटाएंबहुत शानदार
जवाब देंहटाएंजिंदगी की असली हकीकत बयाँ करती कहानी बहुत शानदार शाइस्ता
जवाब देंहटाएंशानदार
जवाब देंहटाएं