हम सांध्य प्रहर के विद्यार्थी हैं।

हम सांध्य प्रहर के विद्यार्थी हैं ।

मेरा यह लेख 50 वर्ष की उम्र से ऊपर वाले सभी पुरुष और महिलाओं के लिए है ।मेरा यह लेख सुधा मूर्ति के संस्मरण "अटैचमेंट इन डिटैचमेंट भारतीय पालकों के लिए लिखे गये लेख से प्रेरित है।
 वे लिखती हैं ,मेरे एक बेटे और बेटी है। मेरी बिटिया की  शादी हुई ,तब मुझे लगा कि मैंने अपना एक अंग खो दिया, लेकिन जब मैं उससे मिलती तो देखती कि उसकी प्राथमिकताएं बदल गई। उसके लिए उसकी सासू मां दूसरी मां थी और पति उसकी प्राथमिकता । उसकी जिंदगी की प्राथमिकताएं बदल गई थी ।  उसे हमेशा अपने घर जाने की जल्दी लगी रहती थी, और मुझे लगा कि  लगाव के साथ अलगाव का अभ्यास शुरू करना है।
 बेटी की शादी के 2 साल बाद बेटा उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चला गया ,और वह अमेरिका में मेरे हाथ का खाना याद कर रहा था। चेन्नई आने के बाद उसकी शादी की कर दी, और वह अपनी पत्नी के साथ अलग रहने लगा। जब भी कभी मैं उन्हें अपने यहां बुलाती तब उनका कोई न कोई प्रोग्राम भी रहता, उन्होंने महसूस किया कि उनकी प्राथमिकताएं बदल गई ।
 हम देखते हैं कि हमारे बच्चों की प्राथमिकताएं बदल गई, अतः हमें हमारी प्राथमिकताओं को भी बदलना होगा।
 हमें हमारी "नई प्रोफाइल" बनाना होगी। सभी रिश्तो में, सभी कार्यों में ,बातचीत में हमें अपने आप को परिवर्तनशील बनाना होगा ।बच्चों से बहुत ज्यादा स्नेह की उम्मीद नहीं करना चाहिए, और माता पिता का भी यही कर्तव्य है कि बच्चे जिस जीवन का नेतृत्व करने के लिए अपने आप को चुनते हैं, हमें उस पर हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। यदि आप दिल से प्यार करते हैं और अपने से दूर जाने देते हैं तो वह कभी आपसे दूर नहीं होंगे, और यह अलगाव के साथ लगाव की सुंदरता है।
 हमें हमारे बच्चे को प्यार करना और जाने देना सीखना है ।इससे हमारे अंदर सहिष्णुता का विकास होगा, हम स्वीकार करना सीखेंगे कि हमारे बच्चे क्या है ?और यह सहिष्णुता की भावना हमारे जीवन में शांति और संतोष की भावना लाती है ।
उन्होंने यह भी महसूस किया कि बच्चों के घर छोड़ने के बाद ही हम मानसिक रूप से अधिक बढ़ने लगते हैं, और उम्र की समस्याओं के साथ साथ भावनात्मक शून्यता के बावजूद हम मजबूती से खड़े रहते हैं। अतः हमें अपने जीवन को पूरी तरह से बच्चों के जीवन पर निर्भर नहीं करना चाहिए ।अपने स्वयं के हित, शौक, विकसित करना चाहिए ,और इस सरल विचार को सीखना चाहिए कि "जाने दो"  । यह आसान नहीं है लेकिन हमें हमारे बच्चों को मातृ पितृ बंधन से मुक्त करना चाहिए। समय के साथ बदलना है, और अपने आप को मानसिक रूप से तैयार करना है। हमारी आर्थिक आत्मनिर्भरता भी हम को विकसित करना है। योग सीखें ,किताबें पढ़ें, अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें, नाती पोतों के साथ खेले, बागवानी करें नृत्य सीखें, संगीत सीखे, आपको जो भी अच्छा लगे, वह सीखें, क्योंकि हम सांध्य प्रहर के विद्यार्थी हैं। बहुत कुछ सीख चुके हैं। बहुत कुछ सीखना बाकी है। बच्चों के बड़े होने के बाद हम सब को एक नई दुनिया में प्रवेश करना है ,और उस का आनंद लेना है, और बच्चों को अपनी उड़ान के लिए उन्मुक्त आकाश देना है ।बच्चों को "जाने दो" इसके अलावा जीवन की कई छोटी मोटी बातें हैं, उन्हें भी हमें इस रूप में हल्के में लेना है कि "जाने दो "और अपने स्वास्थ्य, चिंतन, मनन, लेखन, सभी को अपने प्राथमिकता मानकर अपने आप को विद्यार्थी मानकर जीवन में आगे बढ़ना है। 
हम हमारे आसपास भी कई बुजुर्गों को देखते हैं जो बड़ी ही जीवटता के साथ अपने वृद्धावस्था को आनंदमय जी रहे हैं। 
मेरे स्वयं के श्वसुर जी श्रीमल जी जैन साहब 86 वर्ष की उम्र में भी बहुत ही मजबूती, साहस कर्मठता ,आनंद के साथ ,अपने जीवन को बिता रहे हैं ।अपने बच्चों से बिल्कुल भी उम्मीद नहीं रखते ।इस कोरोना संकट के समय भी अपने आप को मजबूती से खड़ा रखकर अपने दैनिक रूटीन के अनुसार सारा कार्य करते हैं ।उनको देखकर बहुत आश्चर्य होता है ,लेकिन सीखने को मिलता है। 
हम सांध्य पहर के विद्यार्थी हैं
 कुछ सीख चुके हैं,
 कुछ सीखना बाकी है, 
थोड़ा समझौता करते हैं,
 थोड़ी जिद भी रखते हैं,
 जो जा रहे हैं "जाने दो"
 जीवन की राग गाने दो
 अभी पतझड़ नहीं आया है
 नया संगीत सुनाने दो
 तन मन को मजबूत बनाने दो।

 मौलिक एवं अप्रकाशित
सुधा जैन

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ