बच्चे खुशियों की पोटली, नहीं हमारी कठपुतली

बच्चे तो खुशियों की पोटली,
 नहीं हमारी कठपुतली 

बच्चों की सही परवरिश का एक  नियम नहीं है लेकिन बच्चों का ख्याल रखने की बात हो, प्यार जताने की बात हो, या सख्ती बरतने की बात हो, हर बच्चा अलग होता है ,और उसके साथ अलग ढंग से पेश आने की आवश्यकता होती है। 
बच्चे हमारे जिंदगी की खुशकिस्मती हैं, वह खुशियों की पोटली हैं। ना तो वह आपकी जायदाद है ,और ना आप उनके मालिक हैं, बस अपने बच्चों को पालते पोसते, बड़ा होते हुए देखिए और खुश होना है। बच्चे जो बनना चाहते हैं ,उन्हें बनने दें। जिंदगी की अपनी समझ के मुताबिक उनको ढालने की कोशिश ना करें ।
हम माता-पिता यह चाहते हैं कि हमारे बच्चे कुछ अच्छा करें ,अतः हम सदैव उन्हें ड्राइंग पेंटिंग म्यूजिक ,प्लेइंग इन सब में उलझाए रहते हैं, और बच्चे को हर वक्त किसी न किसी काम में व्यस्त रखना चाहते हैं, लेकिन माता-पिता को यह जरूर समझना चाहिए कि हर समय बच्चों पर अपना ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता नहीं है। 
उसे मी __ _टाइम_ भी दीजिए ताकि वह अपने बारे में कुछ कर सके, अपने पसंद के खिलौनों से खेल सके ,अपने जीवन का आनंद ले सके।
 माता-पिता को बच्चों पर सतत निगरानी रखने की आवश्यकता भी नहीं है ,जिस प्रकार आप को आपके बेहूदा बॉस से चिढ़ है ,उसी प्रकार अगर आप भी बच्चों के लिए बेहूदा बॉस बन जाएंगे तो वह आपको पसंद नहीं करेंगे।
 बच्चों को प्यार ही प्यार देना है। पर उनकी हर मांगी हुई चीज को नहीं देना है ,उन्हें खिलौने देना है लेकिन खिलौनों के साथ साथ जो प्राकृतिक वातावरण पेड़, पौधे, हरियाली ,आसमान ,चंदा, सूरज इन सब को देख कर जो खुशी महसूस कर पाएंगे, वे खिलौने के माध्यम से नहीं, उन्हें प्रकृति के पास ले जाइए और उसे वही दीजिए ,जो उसके लिए जरूरी है। बच्चे को बच्चा ही रहने दीजिए। उसे बड़ा बनाने की जल्दी मत कीजिए ,आराम से बड़ा होने दीजिए ।यह समय हम सबके लिए बच्चों के साथ सीखने का है, सिखाने का नहीं ।
बच्चे कितनी खुशी और उल्लास से रहते हैं, हमें बच्चों से सीखना चाहिए, सिखाना नहीं चाहिए। बच्चे हंसते हैं, खेलते हैं, गाते हैं, बजाते हैं ,जीवन का आनंद उठाते हैं ,हमें भी उस आनंद को बच्चों से सीखना है। बच्चों के साथ प्यार भरा और मदद वाला माहौल बनाइए ।अगर आप डरे हैं,  सहमें हैं, चिंतित हैं ,गुस्से में है ,तनाव में है, तो आपके बच्चे खुश होकर कैसे जिएंगे ?
इसलिए उनके लिए प्यार और खुशनुमा माहौल बनाना बहुत जरूरी है। अपने बच्चों से गहरी दोस्ती करना बहुत जरूरी है। अपने आप को बच्चों पर थोपने की बजाए उनसे दोस्ती  करना चाहिए ।उनके ऊपर शासन नहीं, दोस्ती के माध्यम से वह आपसे आसानी से बात कर सकेगें। बच्चों से इज्जत की मांग ना करें, अगर आपका व्यवहार ,प्रेम, अनुशासित,संतुलित है तो आपके बच्चे में यह चीजें अपने आप आ जाएगी। बच्चों के लिए माता-पिता ही हीरोज होते हैं ,अतः अपने आप को इतना दिलकश बना ले कि वह टीवी ,पड़ोसी स्कूल और लाखों दूसरी चीजों के बावजूद भी अपने माता-पिता से नजदीक रहना घूमना ,फिरना, बातें करना, पसंद करें ।
अगर माता-पिता ही खुशहाल, अक्लमंद और दिलकश इंसान हैं तो आपका बच्चा किसी दूसरे की ओर नहीं खींचेगा, अगर आप ईमानदारी से अपने बच्चों की परवरिश करना चाहते हैं ,तो सबसे पहले खुद को एक शांत और प्रेम से भरपूर इंसान बनाइए। ताकि आपके बच्चे आपसे अच्छे इंसान बन सके।  अपने बच्चों पर हर समय ध्यान केंद्रित मत करो। ।बच्चे उपदेश की तुलना में उदाहरण से बहुत अधिक सीखते हैं, अगर आप उन्हें पढ़ते हुए देखना चाहते हैं तो अपनी टीवी या फोन को बंद कर दें और स्वयं पढ़ने के लिए बैठ जाएं ।अपने बच्चों को अनुशासन के साथ पालन पोषण कीजिए, लेकिन प्यार उस से बढ़कर कीजिए ,और छोटे-छोटे बच्चों के साथ उनके छोटे-छोटे निर्णयों का सम्मान कीजिए ।मसलन उन्हें कौन से कपड़े पहनना है? कौन से खिलौने खेलना है ?खाना खाना है या नहीं खाना है ,जो बच्चा चाहे ,उससे जिद मत कीजिए। बच्चों को वह सब ना दें जो वह मांगे, उन्हें थोड़े संघर्ष भी सिखाइए ,क्योंकि संघर्ष के साथ उनके जीवन का विकास ज्यादा बेहतर से होता है।
" *जितने कष्ट कंटकों  में जिनका* *जीवन सुमन खिला,* 
 *गौरव गंध उन्हें उतना ही यत्र तत्र* *सर्वत्र मिला"* 
 जिस प्रकार सफलता जीवन को बढ़ाने के लिए जरूरी है ,वही असफलता से भी बच्चे बहुत कुछ सीखते हैं ।हमें तो अपने बच्चों को जीवन की परीक्षा के लिए तैयार करना है। स्कूल और परीक्षा के अंकों के बजाय उन्हें जीवन के अनुभव के लिए तैयार कीजिए। ताकि उनके बेहतर व्यक्तित्व का निर्माण हो सके ।बच्चा एक संपूर्ण जीवन है ।बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की जबरदस्ती ना कीजिए। उनके साथ दूसरे बच्चों की तुलना मत कीजिए। हर बच्चा अपनी क्वालिटी लेकर आता है, और हमारे पोषण से उसकी क्वालिटी को उभारने की कोशिश कीजिए।
अपने बच्चों को 14 वर्ष की उम्र तक आपके सानिध्य में बहुत अधिक प्यार, अपनापन ,विश्वास की जरूरत है। उस वक्त तक उनको इतना मजबूत बना दीजिए कि उनके आने वाला समय बहुत अधिक बेहतर बन सके, और फिर उनके निर्णय उन्हें स्वयं लेने दीजिए।
 बच्चे तो खुशियों की पोटली
 ना बनाएं इन्हें कठपुतली,
 बच्चे तो खुशबू खिली खिली
 बच्चे तो चंदा की चांदनी
 बच्चे तो सूरज की रोशनी
 बच्चे तो मन के नवाब
 बच्चे तो आंखों के ख्वाब 
बच्चे तो जीवन के राग 
कागज की कश्ती में खेलने दो इन्हें 
स्वयं की विचारधारा में बहने दो इन्हें
 बारिश की बूंदों में भीगने दो इन्हें
 बुलबुले बनाकर उड़ाने दो इन्हें
 अपने सपने सजाने दो इन्हें
 अपनी सोच से दुनिया की दीवारों को         रंगने दो इन्हें 
 किताबों की बोझ में ना दबने दो इन्हें।

 मौलिक एवं अप्रकाशित 
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ