नर ही नारायण है

नर ही नारायण है 

नारी अगर नारायणी है ,तो नर भी नारायण है ।
मेरा यह हाल आलेख आसपास की  घटित सच्ची घटनाओं पर है। 
 अभी मेरे परिचित सज्जन को कोरोना हुआ, और इस अवस्था में उनका पुत्र उन्हें अपनी गाड़ी में बिठाकर उचित उपचार के लिए ले गए, अपने पिताजी को अस्पताल में भर्ती करवाया और स्वयं एक  होटल में रुके, वहां से उनकी खोज खबर लेते रहें और अपने पिता को स्वस्थ करवा कर घर लेकर आए।
 एक पिता के लिए पुत्र  सबसे बड़ा सहारा होता है, पिता पुत्र की पहचान होता है,पुत्र उनकी आंखों का तारा होता है।
 6 माह पहले मेरी माता जी की मृत्यु हुई ,तब से पिताजी इतना रोते हैं, हम कहते हैं आपको मम्मी से इतना प्यार था, तो बोलते हैं तुम्हें क्या मालूम?
 एक पति के रूप में अपनी प्रियतमा का पूरा संसार होते हैं। पति हमकदम बन कर जीवन के सारे रास्ते में साथ चलते हैं कदम कदम पर साथ देते हैं। मेरे भाई अपनी बीमार पत्नी की तन मन धन से सेवा कर रहे हैं ।
मेरी सर्विस ,मेरे मातृत्व, मेरी लेखनी, में मेरे साथ मेरे पति मजबूती से खड़े हैं ।जीवन के किसी भी मोड़ पर सदैव साथ दिया है । यह सिर्फ मेरी ही बात नहीं है , सभी महिलाओं का  उनके पति हर कदम साथ देते हैं। पत्नी को लाना, ले जाना, घरेलू कार्यों में सहयोग बाजार के ,सभी काम सहजता पूर्वक करते हैं।
 एक पिता के रूप में जब बिटिया को विदा करते हैं, तब वे अपने आंसुओं को छुपा लेते हैं। उनका पूरा संसार उनको लूटा हुआ लगता है।
 एक पुरुष के अंदर भी भावनाओं का पूरा सागर उमड़ता रहता है। प्रेम ,करूणा  सहयोग, सुंदरता, अपनापन जो गुण एक स्त्री में होते हैं, वे सब पुरुषों में भी होते हैं। एक भाई के रूप में सदैव अपने भाई बहनों के लिए एक रक्षा कवच के रूप में तैयार खड़े रहते हैं। युवा पीढ़ी के पुरुष तो और अधिक सहज ,सरल ,सहयोगी और केयरिंग है।
 मेरे कहने का आशय यही है कि, नारी अगर नारायणी है, नारी हर रूप में पूजनीय है। मां, बहन पत्नी सभी रूप अतुलनीय हैं, उसी तरह से पुरुष के भी पुत्र, पिता ,पति, भाई  ,दोस्त सहयोगी सभी रूप अतुलनीय है। मेरी नजर में पुरुष  भी नारायण है ।
वह स्त्री से सिर्फ इस बात में भिन्न है की प्रकृति ने नारी को नवसृजन की शक्ति दी है ,लेकिन वह भी पुरुष के साथ मिलन से ही संभव है। बाकी जो सारे गुण  नारियों में हैं ,वहीं पुरुषों में हैं। वह देश के सजग प्रहरी भी हैं। राम, कृष्ण, महावीर, शिवाजी महाराणा प्रताप और भी कई महान रूपों में पुरुष भी पूजनीय है ।
इंफोसिस कंपनी की चेयर पर्सन श्रीमती सुधा मूर्ति का कहना है कि अगर हर सफल पुरुष के पीछे  एक स्त्री का हाथ है, तो हर सफल नारी के पीछे भी एक समझदार पुरुष का हाथ है। नर और नारी  जब एक हो जाते हैं तब सारी सृष्टि आनंद में सारोबार हो जाती है ।
मुझे लगता है ,मात्र कुछ प्रतिशत आपराधिक प्रवृत्ति के पुरुष बलात्कार, व्यभिचार और अनैतिक प्रवृतियां को फैलाते हैं और अपने पुरुषत्व के गौरव को कम करते हैं, और इसके बदले में पाते हैं, नारी शक्ति कीअवमानना , तिरस्कार अपमान। इन आपराधिक प्रवृत्ति के पुरुषों में संस्कारों की कमी, होती है, कहीं पूर्वजन्म के प्रारब्ध होते हैं, और कई पुरुषों को पता ही नहीं होता कि हम गलत कर कर रहे हैं ।उन्हें इस बात का भान ही नहीं है, लेकिन संपूर्ण पुरुष जाति ऐसी नहीं है। सभी तरह की संवेदनाओं ,भावनाओं से युक्त मुक्त है, और हर कदम पर अपना योगदान देकर अपने घर ,परिवार, समाज ,राष्ट्र ,और विश्व को उन्नत करते हैं। नारी प्रताड़ना का जो रूप काव्य में, साहित्य में, दिखाई देता है उतनी प्रताड़ना असल जिंदगी में नारी  नहीं पाती है, बल्कि पुरुष उनका कंधे से कंधा मिलाकर साथ देते हैं।  कहीं-कहीं पर हम भी नारी का अलग रूप देखते हैं ।
मेरा कहना सिर्फ यही है कि नारी हर रूप में पूजनीय है, अतुलनीय है, अप्रतिम है ,वंदनीय है, तो पुरुष भी नारायण से कम नहीं है।

 "नर भी नारायण से कम नहीं है,
 एक पुत्र के रूप में माता-पिता की आंखों का तारा है,
 एक भाई के रूप में बहन का रक्षा कवच है,
 एक पति के रूप में अपनी प्रियतमा का प्यारा सा संसार है,
 एक मित्र के रुप में मित्र की जान है,
 देश का सजग प्रहरी है,
 राष्ट्र का अभिमान है ,
कार्यालय में सहयोगी है ,
नारी का सम्मान है,
 अपने बच्चों का सबसे प्यारा दोस्त है,
 पुरुष भी गुणों की खान है,
 नर भी नारायण के रूप में महान है।"

 रचना मौलिक एवं अप्रकाशित
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ