यह अंतर क्यों है??????

कहानी
 यह अंतर क्यों है?
 बानी बहुत ही सुलझी हुई प्यारी सी फैशन डिज़ाइनर है। अपने फील्ड में और भी अच्छा करना चाहती है, खुद का अपना बुटीक है ,और बहुत ही सफलता पूर्वक उसका संचालन कर रही है। सुजीत उसका प्यारा सा दोस्त है और उसी के साथ वह शादी करने वाली है। अपनी मम्मी की लाडली इकलौती बिटिया हैं। उसकी मम्मी के सारे सपने उसी के इर्द-गिर्द घूमते हैं। थोड़े ही दिनों में बानी की शादी होने वाली है, यह सोच कर मम्मी का जी घबरा रहा है। ससुराल में सब कुछ कैसे संभाल पाएगी?
 यह लड़की, घर पर देखो तो कुछ भी काम नहीं करती है। कमरा  उलट-पुलट पड़ा रहता है।  बानी करे भी तो क्या उसे अपने boutique के काम को बहुत अच्छे से करना है। मम्मी भी इस बात को समझती है, और अपने बिटिया को प्यार से समझाती है कि ससुराल में कुछ तो करना पड़ेगा।
 बानी कहती है," करूंगी मम्मी सुजीत बहुत अच्छे हैं, मुझे समझते हैं ,परिवार भी अच्छा है" इस तरह से सुजीत और बानी की शादी हो गई ।सुजीत के परिवार में पापा मम्मी और छोटी बहन रेहा है।
 बानी शादी हो कर घर आई और रेहा को लग रहा है भाभी मेरे लिए यह करेंगे, मम्मी सोचती है मुझे भी थोड़ी मदद मिलेगी। पापा को अलग उम्मीदें हैं ,बेचारी बानी कोशिश तो करती है, लेकिन उसे अपने बुटीक का भी बहुत सारा काम रहता है। एक बार बुटीक का काम करते हुए बहुत रात हो गई और सुबह नींद देर से खुली, बानी की सास ने कहा तो कुछ नहीं ,लेकिन उनका रुख अच्छा नहीं था, बानी महसूस कर रही थी ।कभी रेहा  बहुत देर से उठती तो मम्मी का रिएक्शन कुछ नहीं होता ,लेकिन उसके देर से उठने पर रिएक्शन जरूर होता है। रेहा स्कर्ट आदि पहनती तो मम्मी बोलती बहुत अच्छी लग रही है, मेरी बिटिया और जब बानी ऐसा ड्रेस पहनती तो मम्मी की बेरुखी साफ दिख जाती ।एक बार मम्मी सब्जी काट रही थी, तो चाकू हाथ पर लग गया और थोड़ा खून निकल आया मम्मी बानी को आवाज देने लगी लेकिन  बानी अपने फोन पर व्यस्त थी, तो सुना नहीं इस बात का बानी की सास को बहुत बुरा लगा।। एक दफा बानी को बाजार से पनीर लाने का बोला, तो वह भूल गई ।बानी का कमरा भी अस्त व्यस्त रहता था। ऐसी कई शिकायतें थी बानी की सास को बानी से। एक दिन तो वह भरी बैठी थी, और जैसे सुजीत आया ,शिकायतों का पुलिंदा खोल दिया, जैसे तुम्हारा कमरा कितना अस्तव्यस्त है। बानी जल्दी नहीं उठती ।बानी को किसी चीज का लाने को बोलो तो नहीं लाती। बहुत फैशनेबल कपड़े पहनकर ऑफिस जाती है। एक दफा मुझे चोट लगने पर भी वह फोन पर बात करती रही। ऐसी और भी कई बातें वह सुजीत से कहने लगी। सुजीत बहुत सुलझा और समझदार लड़का है। अपनी मम्मी के पास बैठकर मम्मी के हाथों में अपने हाथ लेकर बोला "अरे मम्मी आप थोड़ा सोचो तो सही ,अगर कमरा अस्तव्यस्त व्यस्त है तो बानी के साथ मेरी भी तो गलती है। कमरे को सही रखने की जवाबदारी भी हम दोनों की है। रेहा के देर से उठने की वजह पर तो आप कितनी नॉर्मल रहती हैं, बानी जब बहुत रात तक काम करती है तब उसकी नींद देर से खुलती है ।रेहा  के फैशनेबल कपड़े पहनने पर आप खुश होती है ,और बानी के पहनने पर आप को बुरा लग जाता है ।अगर आपने किसी सामान का बोला तो लाना में भी भूल जाता हूं, रेहा भी भूल जाती है और बानी के भूलने पर आपको बुरा क्यों लग जाता है? आप अपनी नजरों को, अपने हृदय को  मां के जैसा बना कर देखिए, जब आपको बानी में अपनी बिटिया नजर आएगी। तभी आपको उसकी कमियां दिखना बंद होगी। बानी की सास सोचने लगी " सच ही तो कह रहा है सुजीत' उसकी नजरों ने ,उसके हृदय ने बानी को कभी मां की नजर से देखा ही नहीं. इसलिए कमियां ही कमियां नजर आती है .जबकि रेहा भी वही गलतियां करती है। उसने अपने अंतर्मन में इस बात को स्वीकार किया और बानी को अपने गले से लगा लिया, सचमुच एक बिटिया की तरह। बानी की आंखों में आंसू थे और सुजीत के चेहरे पर मुस्कान।

 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ