कोमल मानकर

नारी तू अप्रतिम
 मैं उन नारियों के बारे में लिख रही हूं ,जिन से मैं प्रभावित हूं ।
मेरी दृष्टि में हर नारी अप्रतिम है, चाहे शिक्षित हो,  अशिक्षित हो  सभी नारियां अपने जीवन के संघर्ष को पूरा करती है ,और उन सभी नारियों को में प्रणाम करती हूं।
 आज मैं मेरे विद्यालय की सहकर्मी साथी श्रीमती कोमल मानकर के बारे में लिख रही हूं। कोमल जब 5 वर्ष की थी, तब उन्हें बहुत तेज बुखार आया ,और उनका एक पैर पोलियो ग्रस्त हो गया। कमर के नीचे का एक पैर बहुत कमजोर हो गया। फिर भी अपने पापा मम्मी के प्रोत्साहन से वह चलने की कोशिश करती ,गिरती लड़खड़ाती, पर चलती।
 पापा ने बचपन से ही कोमल के हौसले बुलंद करना शुरू किए। कहा" तुम्हें अच्छे से पढ़ना होगा ,अगर तुम अच्छे से पढ़ोगी तो तुम्हारे पैरों की कमी तुम्हारी राह को नहीं रोक सकेगी। कोमल ने बचपन में ही समझ लिया कि मुझे पढ़ना है। पूरा दिन पढती, रात में भी पढती। उसके भाई बहन उसे चिढ़ाने भी लगते।" कितनी पढ़ाई करोगी"।
 कोमल बहुत सुंदर ,समझदार और प्यारी बिटिया है ।
कोमल बड़ी हो गई ।कोमल के पापा ने जयपुर के अस्पताल में ,विशाखापट्टनम में ,इंदौर में  पैर के  ऑपरेशन करवाएं, पर वो ऑपरेशन उतने सफल नहीं हुए और वे जितना चल पाती थी वह भी कम हो गया ।
खड़ा होना बहुत कष्टप्रद होने लगा।
 उन्होंने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन भी कंप्लीट कर लिया ।वैकेंसी भरने लगी। कॉलेज में नियुक्ति हुई ,पर भाइयों ने मना किया ,क्योंकि इतनी दूर जाना संभव नहीं था। इस प्रकार 2-3 सर्विस छोड़  दी, क्योंकि सभी को कठिनाइयां लग रही थी ।फिर भी कोमल के इरादे पक्के थे।
 फिर शिक्षक पद के लिए कोमल का चयन हो गया, और उन्होंने उसे स्वीकार कर लिया ।
कोमल की उम्र हो रही थी। घरवाले उनकी शादी की कल्पना कर रहे थे, पर कोई योग्य लड़का नहीं मिल रहा था ।कोमल को अपने जीवन की राह में कमलेश मानकर  मिले ।वे कोमल का बहुत आदर करते  ,सम्मान करते और उनकी हर सुविधा का ख्याल रखते हैं ।कोमल को इन सब बातों ने बहुत प्रभावित किया ,और दोनों ने एक दूसरे का साथ निभाने का वादा किया ।घरवालों की सहमति नहीं थी ,फिर भी अपने मित्रों के सहयोग से उन्होंने शादी की ।अपना घर बसाया। मानकर साहब आज भी उनके साथ हर कार्य में उनका सहयोग देते हैं। कभी भी शारीरिक अक्षमता ने उनके बीच में प्यार कम नहीं होने दिया।
कमर के नीचे का हिस्सा कमजोर था, इसके बावजूद भी उन्होंने चिकित्सीय परामर्श से मातृत्व का सुख पाया और प्यारे से बेटे  भव्य को जन्म दिया। आज भी कोमल मैडम सदैव मुस्कुराती रहती हैं। बच्चों को बहुत ही अच्छा पढ़ाते हैं। सामाजिक अध्ययन इस प्रकार पढ़ाते हैं कि बच्चों को कठिन चीजें भी याद हो जाती हैं, और अपना रिजल्ट हमेशा हंड्रेड परसेंट देते हैं। बच्चों से जुड़े हुए भी हैं, बच्चों के सुख दुख को देखते हैं ।विद्यालय परिवार में सबके चहेते हैं ।शौकीन भी बहुत हैं, अच्छे वस्त्र पहनना साज सज्जा से रहना ,सब को खिलाना पिलाना ,,सदैव मुस्कुराना, हंसना ,हंसाना यह उनकी विशेषताएं हैं। अपनी शारीरिक अक्षमता के बावजूद भी घरेलू कार्य करना ,अपने घर को सजाना ,ड्राइंग, पेंटिंग, कुकिंग ,होम डेकोरेशन, कढ़ाई बुनाई ,कोई भी काम ऐसा नहीं है जो वे नहीं करते ।हम सबको उन्हें देख कर बड़ी खुशी होती है, और गर्व का अनुभव होता है। उनकी मुस्कुराहट हमारे जीवन में सदैव ऊर्जा का संचार करती है। कभी-कभी उनका पैर बहुत तकलीफ देता है, चल नहीं पाते इसलिए पाचन प्रणाली भी बहुत कमजोर हो गई है, इसके बावजूद उनका जीवन जीने का जज्बा कम नहीं है। अपने मायके और ससुराल दोनों परिवारों से बराबर का जुड़ाव रखते हैं। पूरी कोशिश करते हैं, अपने दायित्व को निभाने की।
 मुझे अच्छा लगता है कि हमारे आसपास की ऐसी कई नारियां मौजूद है ,जो हमें जीवन जीना सिखाती है। उनकी जीवन ऊर्जा को प्रणाम करती हूं, उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करती हूं, उनकी प्रगति के लिए सदैव बधाई देती हूं। 
शुभकामनाओं सहित
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ