शुष्क होती संवेदनाए
---
रचना-----
*शुष्क होती संवेदनाएं*
इन दिनों मन में इतना मंथन चल रहा है, गरीब मजदूरों की पीड़ा ,रोज कमा कर खाने वाले, ठेले वाले, चाट वाले ,रिक्शावाले, छोटी-छोटी गुमटी वाले, इन सब का गुजारा कैसे होता होगा? प्रवासी मजदूरों की पीड़ा देखकर कलेजा मुंह को आता है, कितने बेबस, लाचार ,निर्दोष मासूम बच्चे, बूढ़े ,जवान, गर्भवती महिलाएं, कितनी पीड़ा, कितनी छटपटाहट, कितनी आकुलता,
कितनी तकलीफ, मजदूरों का कैसा मजाक, कैसी बेबसी, कैसी व्यवस्था, कैसी विवशता,
कैसे देखें? क्या कहें?
ह्रदय तार तार रो रहा है। यह क्या हो गया है? मानवीय संवेदनाएं लुप्त हो रही है। अपने वालों के शव लेने से इंकार कर रहे हैं। लोग एक दूसरे को छूने से परहेज कर रहे हैं। संक्रमण ना हुआ इस धरती पर पाप हो गया।
बहुत ही संवेदनशील दृश्य है। गर्भवती महिला सड़क पर बच्चे को जन्म देती है ,और घंटे भर बाद ही पुनः बच्चे को गोद में लेकर चल पड़ी है। एक व्यक्ति अपनी बूढ़ी 90 साल की मां को और अपने बच्चे को बिठाकर 900 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय करता है। कुछ मजदूर भूख प्यास से रास्ते में दम तोड़ रहे हैं। कोई पानी पिलाने वाला नहीं है। सरकारी मदद, स्वयं संस्थाओं की मदद पर्याप्त नहीं है।
कभी लगता है हम सब कितने संवेदनहीन हो गए हैं,? कैसे हमारे गले के नीचे खाना उतर रहा है ?मानवता दुहाई दे रही है। मजदूरों की गरीबों की आह से धरती मां झुलस रही है। मासूम बच्चे आशा भरी निगाहों से अपने बचपन को देख रहे हैं। क्या होगा उन गरीबों का?
यह त्रासदी तो आई है चली जाएगी, पर छोड़ जाएगी मानवता के परिदृश्य पर काला बदनुमा दाग जो कभी भी नहीं भूला जायेगा ।
बेचारे गरीब मजदूर कैसे भी अपना जीवन गुजार रहे थे। यह त्रासदी जिससे उनका कोई लेना-देना नहीं था, उनका रोजगार छुड़ा दिया, उनकी जान पर आ गई, काम धंधे बंद हो गए। कल सब अच्छा होगा पर उनकी पीड़ा का ,दर्द का, छलकते आंसुओं का, भूख का, रोटी का ,बचपन का, मासूमों के प्रश्नों का ,गरीबों की आंखों का जवाब, कौन दे सकेगा?
काश यह होता कि जिसके भी मातहत वे काम कर रहे थे वे उनकी जवाबदारी उठाते, उन्हें भूख से मरने न देते, हर कोई एक अच्छी जिंदगी की तलाश में यहां से वहां भटकता है, वह भी भटके ,यही उनकी गलती है। लेकिन अब मजदूरों को अपना प्रदेश छोड़कर नहीं जाना चाहिए।
मुझे तो सारी वैज्ञानिक प्रगति, आर्थिक प्रगति, आधुनिकता वैश्वीकरण, सब बेमानी लगते हैं। वसुधैव कुटुंबकम की भावना वाला हमारा देश अपने वालों को भी अपना नहीं समझ रहा है। किसी के दुख दर्द की किसी को कोई परवाह ही नहीं है। स्वार्थ की आंधी में सब घिर गए हैं। अपना अपना भला दिख रहा है। कोई किसी के लिए कुछ करना ही नहीं चाह रहा। यह हमारा भारत नहीं है, यह हमारे भारत की परंपरा नहीं है, हमारा देश तो वह देश है जो आपसी, प्यार , सहयोग, दया ,करुणा इनके लिए जाना जाता है। यह जो गरीब मजदूर है जो हमारे देश की नींव के पत्थर है ,उनके साथ इतना अमानवीय व्यवहार कैसे हो गया? हम सबकी संवेदनाएं इतनी शुष्क क्यों हो गई ?दूसरों की पीड़ा देखकर हमारी आंखें नम क्यों नहीं हैं? कैसे हम खाना खा पा रहे हैं? कैसे हमें नींद आ रही है?
सदैव सदैव से पीड़ित गरीब वर्ग हमेशा ही पीड़ा को भोंगते आया है ।बचपन में एक कहानी पढी थी, एक गरीब की बच्ची को भूख से रोते देखकर अमीर की बच्ची अपनी मां से पूछती है यह क्यों रो रही है? मां कहती है, रोटी के लिए, अमीर बच्ची कहती है तो मम्मा इसे ब्रेड क्यों नहीं देते? बस यही अंतर है है जिनके पास है, वे यही कह रहे हैं मजदूरों को वहीं रुक जाना था। सरकार मदद कर तो रही है।
दिल पर हाथ रख कर सोचे, तो दैनिक जीवन में क्या हम किसी की मुस्कुराहट की वजह बनते हैं? क्या हम किसी की तरफ मदद का हाथ बढ़ाते हैं? क्या हम हमारे गृह सहायकों, मदद गारो, हमारी जिंदगी को आसान बनाने वालों के लिए, हमारे व्यवहार को अच्छा बनाते हैं, किसी दुर्घटनाग्रस्त की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं। हमारे परिवार में, समाज में किसी की परेशानी देखकर हमारे हृदय में मदद का भाव जागा है ?यह सब यक्ष प्रश्न है जो हमारे मन को झकझोर रहे हैं। होना तो यह चाहिए कि हमारे हृदय में प्रेम हो सहयोग, करुणा दया ,मधुर व्यवहार, परोपकार आदि के भाव हो
हम इस धरती को अपनी तरफ से सुंदर बनाने का प्रयास करें। हम याद रखें किसी की मदद करके हम उसका उपकार तो कर रहे हैं, पर हमारे जीवन को सार्थकता दे रहे हैं ।हमारी खुशियों को सहेज रहे हैं।
"घर से मंदिर है बहुत दूर और घर से मस्जिद है बहुत दूर"
क्यों न किसी रोते हुए बच्चे को हंसाया जाए"
आने वाला समय हम सब से हमारी इन लुप्त होने वाली संवेदनाओं का हिसाब मांगेगा। "चारों ओर है महज दिखावा आडंबर का शोर है,
नहीं संवेदनाएं हैं जीवन में भौतिकता का जोर है
शुष्क हो गई संवेदना सबकी खो गया सहयोग व प्यार
आ जा मानव कर ले चिंतन नहीं तो मान ले अपनी हार"
आइए हम अपनी कथनी और करनी को एक कर ले। हमारे हृदय में करुणा और संवेदनाओं को स्थान दे दे, किसी के घर को चलाने में अपनी मदद कर दें ,भूखे को भोजन दे।
शुष्क होती संवेदनाओ को *मानवता का मरहम* लगाएं तभी हमारे जीवन की सार्थकता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें