हिंदी और हम
शनिवार आलेख प्रतियोगिता हिंदी और हम
हर देश की अपनी भाषा होती है भाषा के माध्यम से ही हम एक दूसरे की बातों और विचारों को समझ पाते हैं। हमारे भारत देश में अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग भाषाएं बोली जाती है, पर हिंदी हमारे देश की राष्ट्रभाषा है। 26 जनवरी 1950 को जब भारत का संविधान बना तो हिंदी को हमारे देश की राष्ट्रभाषा का दर्जा दिया गया, लेकिन राष्ट्रभाषा का दर्जा मिलने के बाद भी इस को वह सम्मान नहीं मिला, जो मिलना चाहिए। हिंदी भाषा के प्रयोग में हमें अपने आप को कमतर महसूस नहीं करना चाहिए ,बल्कि गर्व महसूस करना चाहिए ,और आने वाली पीढ़ी को भी हिंदी को अपनाने के लिए जागरूक करना चाहिए।
एकता की जान है ,हिंदी देश की शान है
हमारा भारत देश विभिन्न जाति धर्म एवं संस्कृति का देश है, जहां कई भाषाओं और बोलियों का प्रयोग होता है ,ऐसे में यदि एक देश की अपनी एक राष्ट्रभाषा ना हो तो देश में एकता की कल्पना करना असंभव है ,इसीलिए भारतीय संविधान में हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित किया गया है। जिससे इस राष्ट्रभाषा के धागे से सब एक साथ बने रहें।
हिंदी और हम के अंतर्गत हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार के लिए हमारे हृदय में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान होना जरूरी है। इसका प्रचार प्रसार करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन होना आवश्यक है ।सभी बच्चों का बढ़-चढ़कर भागीदारी करना आवश्यक है। पाठ्यक्रम में हिंदी भाषा के प्रमुख साहित्यकारों के नाटक, कहानी ,कविता, शामिल करना चाहिए। हमें हमारे पारिवारिक निमंत्रण पत्र हिंदी में बनाए जाना चाहिए ,और आपसी पत्राचार भी हिंदी में करना चाहिए ,ताकि हम अधिक से अधिक राष्ट्रभाषा के प्रति जागरूक होंगे, और अपने आप को गौरवशाली महसूस करेंगे। राजनीतिक स्तर पर भी राजनेताओं को अंग्रेजी में भाषण ना देकर हिंदी में भाषण पर जोर देना चाहिए।
हिंदी साहित्य के कई प्रसिद्ध साहित्यकार हैं, जिनकी रचनाएं पूरे विश्व में छाई है। महादेवी वर्मा, भारतेंदु हरिश्चंद्र, प्रेमचंद अयोध्या प्रसाद उपाध्याय हरिऔध और भी न जाने कितने साहित्यकार हैं जिन्हें हम भूलते जा रहे हैं, यदि समय रहते हम ने सही कदम नहीं उठाया तो भाषा के साथ-साथ राष्ट्र भी कमजोर होता जाएगा ,और अपनी पहचान भी खोता जाएगा।
महा कवि भारतेंदु हरिश्चंद्र ने भी कहा था
निज भाषा उन्नति अहै सब उन्नति को मूल
अतः भारत की उन्नति के लिए आवश्यक है कि हम भारतवासी ज्यादा से ज्यादा हिंदी का प्रयोग करें ।हमारी हिंदी संवैधानिक रूप से भी भारत की प्रथम राजभाषा है। हमारी हिंदी भाषा का इतिहास लगभग 1000 साल पुराना माना जाता है। हम इसे देवनागरी लिपि में लिखते हैं। संसार की समस्त उन्नत भाषाओं में हिंदी सबसे सरल सहज, लचीली ,व्यवस्थित और वैज्ञानिक भाषा है ।हिंदी विश्व की एकमात्र अपवाद विहीन भाषा है। पूरे विश्व के भाषा विज्ञानी व विद्वानों की बढ़ती हुई रूचि इसका प्रमाण है ।हिंदी न केवल भाषा है ,अपितु संपूर्ण भारतवर्ष को एकता के सूत्र में पिरोने का एकमात्र वह सर्वमान्य कारक है। हमारी हिंदी भाषा विश्व भाषा का गौरव प्राप्त करने को अग्रसर है।
आइए ,
हम भी इस हिंदी की यात्रा के सारथी बनकर गौरवान्वित हो जिसके फलस्वरूप हिंदी रूपी विशाल वटवृक्ष के सानिध्य में अन्य भारतीय भाषाएं पल्लवित पुष्पित व चिरायु हो सके, तथा विश्व पटल पर भारत और भारतीयता की पहचान कायम हो सके।
"मेरे सारे ख्वाब मेरी सारी आशा है,
जिससे मुझे पहचान मिली वह मेरी हिंदी भाषा है,
जब भी यह दिल भावुक होता है, और जुबान लड़खड़ाती है,
ऐसे समय में बस अपनी मातृभाषा हिंदी ही काम आती है।"
"हिंदी से जुड़े हैं सारे सपने,
हिंदी से जुड़े हैं सारे अरमान ,
हिंदी केवल भाषा नहीं है,
हिंदी है मेरी जान।"
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें