हाथ

🙏हाथ🙏
जिंदगी में किसी का साथ काफी है 
हाथों में किसी का हाथ काफी है।
 सुधा एक संवेदनशील शिक्षिका है ।बच्चों के प्रति उसके हृदय में स्नेह, प्यार ,ममता ,और करुणा का स्त्रोत सदैव बहता रहता है। वह प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है ।अपने बच्चों को शिक्षा देने के अलावा जीवन जीने की राह भी सिखाती हैं। नैतिक गुणों के विकास के साथ उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास हो सके यही कोशिश रहती हैं ।एक बार वह अपनी कक्षा के छोटे-छोटे बच्चों को आभार ,थैंकफूलनेस, ग्रेटीट्यूड के बारे में बता रही थी ,कि जो हमारे जीवन को सहज बनाते हैं, उनके प्रति हमें सदैव आभारी रहना चाहिए ।बताने के बाद उन्होंने बच्चों से कहा कि आप अपनी ड्राइंग के माध्यम से बताइए कि आप किसके किसके आभारी हैं?
 सभी बच्चे अपने नन्हे नन्हे हाथों से चित्र बनाने लगे. प्यारी सी  ईशा ने पेड़ पौधे का चित्र बनाया ।मैडम ने पूछा, पेड़ पौधे क्यों ?उसने कहा इनसे हमें ऑक्सीजन मिलती है।
 नन्ही सी आरवी ने बादल का चित्र बनाया, और मैडम को बोला" मैडम बादल हमें बारिश देते हैं और बारिश से पेड़ पौधे बड़े होते हैं "।
चुलबुली  अन्वी ने चॉकलेट का चित्र बनाया और कहा कि" मैडम चॉकलेट खा कर हमें बहुत अच्छा लगता है'" कक्षा के सभी बच्चे हंसने लगे ।
नन्हे से राज ने मम्मी पापा का चित्र बनाया और बोला कि" मम्मी पापा हमें बहुत प्यार करते हैं "।
प्यारा सा आयुष अभी भी चित्र बना रहा था, मैडम ने पूछा "तुम क्या बना रहे हो"?
 उसने कहा "हाथ"
 मैडम ने पूछा "यह किसका हाथ है "
बच्चे जज करने लगे 
यह डॉक्टर  का हाथ है, कोई बच्चा कहने लगा ,सैनिक का हाथ है,
 आयुष ने कहा "यह मेरी प्यारी मैडम  का हाथ है"
 एक बार जब मैं गार्डन में खेल रहा था तब मैडम ने अपने हाथों से मुझे गिरते हुए बचाया ,एक बार जब मैं किसी प्रश्न का उत्तर नहीं दे रहा था, तब मैडम ने मेरे सिर पर हाथ फेर कर मुझे उस प्रश्न का उत्तर समझाया। एक बार जब मैं किसी प्रश्न का उत्तर दे रहा था तो मैडम ने अपने हाथों से मेरी पीठ को थपथपाया। ऐसा कह कर वह मैडम की तरह देखने लगा ।मैडम की आंखें नम हो गई, और उन्होंने आयुष को अपने गले से लगा लिया, और अपने नन्हे बच्चों को समझाने लगी, "कि हां बच्चों जीवन में हमें किसी का हाथ मिल जाए, तो हमारा जीवन संवर सकता है, एक शिक्षक के हाथों बच्चे का जीवन संवर जाता है, एक डॉक्टर के हाथ में मरीज का जीवन संवर जाता है, सैनिक के हाथ में देश की रक्षा का भार संभल जाता है। माता-पिता की परवरिश से बच्चों का जीवन संवर जाता है। प्रकृति के सानिध्य में हम सब का जीवन संवर जाता है। यह बिल्कुल सच है।
 "जीवन को चलाने के लिए किसी का साथ काफी है
 गिरते हुए को उठाने के लिए किसी का हाथ काफी है "
सभी कक्षा के बच्चे खुश हो गए और अपनी मैडम से जीवन का नया पाठ सीख लिया।
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

  1. बहुत सुंदर रचना । वास्तव में जीवन में हाथ और साथ दोनों का महत्वपूर्ण योगदान है।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....