हमारे पास शब्द नहीं है
हमारे पास कोई शब्द नहीं है
अभी हम अपने विद्यालय में बालिकाओं के प्रवेश हेतु जा रहे हैं।
कक्षा नौवीं की प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत दो बहने एडमिशन लेने आई ,मैंने उनसे पूछा, पापा क्या करते हैं? वह बोली ,पापा नहीं है। मैंने पूछा, मम्मी क्या करती है? दोनों बहने बोली, मम्मी भी नहीं है।
हम सब शिक्षिकाएं उन दोनों बच्चियों की तरफ देखने लगी, दोनों बच्चियों की आंखों में पानी था ।मुंह पर मास्क लगे थे, पर उनकी पीड़ा साफ दिखाई दे रहे रही थी ।
मम्मी पापा दोनों नहीं है यह जानकर ,हमारे मन में जानने की इच्छा हुई कि उन दोनों को क्या हो गया?
एक्सीडेंट हो गया या कोई घटना उन दोनों बहनों ने बताया कि मैडम मेरी एक छोटी बहन भी है अभी 11 साल की है। जब वह 3 दिन की थी तब उसके पिताजी ने उसके मम्मी को मार दिया, और खुद को भी मार दिया।
बच्चियां इतना ही बता पाई उन्हें ज्यादा कुछ पता नहीं था। हमने कुछ ज्यादा पूछा भी नहीं।
हमने कहा अभी कहां रहती हो बच्चे ने बताया कि मासी और नानी के पास रहते हैं। मासी और नानी दोनों मजदूरी करती हैं। हम भी काम में उनकी मदद करते हैं। पढ़ाई भी करते हैं।
सुनकर हृदय
स्तब्ध हो गया। कोई-कोई बच्चे कितनी पीड़ा का सामना करते हैं। और अपने जीवन की बाधाओं को पार करके जीवन व्यतीत करते हैं। हमें बुरा लगता है और सोचते हैं किसी के हिस्से में कितनी पीड़ा कैसे आ जाती है। और उनकी मौसी नानी को धन्यवाद देने का मन करता है कि वह कितनी विषम परिस्थितियों में भी तीन तीन बच्चियों का पालन पोषण कर रहे हैं, और वह भी बिना किसी शिकायत के।
कई लोग आर्थिक रूप से कितने संपन्न होते हैं, पर किसी एक बच्चे का भार वहन करना भी कितना कठिन जान पड़ता है, और वही कई गरीब परिवार ऐसे होते हैं जो आसानी से यह भार बोझ उठाकर किसी को बताते भी नहीं है ,और काम करते जाते हैं।
यह घटनाक्रम हो या और कोई भी जो एकदम गरीब लोग हैं वह बहुत सहयोगी होते हैं। अपने भाई बहनों के प्रति ,परिवार के प्रति उनके मन में इतनी सहयोग की भावनाएं होती है। इतनी कठिन से कठिन स्थितियों में भी गरीब परिवार के लोगों ने रक्षाबंधन का पर्व मनाया ।कहीं से भी दूध, शक्कर का इंतजाम करके खीर बनाई, और अपनी बहन भांजी को भोजन करवाया।
हम तो हमारी कमियों का रोना ही रोते रहते हैं । लेकिन इस कोरोना संकट में भी कई गरीब परिवार ऐसे मिले जिन्होंने संकट का सामना बखूबी किया।
अपने जीवन की राह निकाली कभी कमजोर नहीं पड़े। अपने परिवार जनों की मदद की और अभी भी एक दूसरे की मदद करके आगे बढ़ रहे हैं ।और वह भी बगैर किसी शोरगुल के।
मैं उन्हें उनके इस जज्बे के लिए धन्यवाद देती हूं और हमें कोरोना को लेकर जो निराशा आई उसको उन लोगों के साहस को देखकर निराशा को दूर करना चाहिए ,,और जिंदगी जीने के जज्बे को कायम रखना चाहिए।
ईश्वर ने हमें तो इतना कुछ दिया है कि हम उनका जितना धन्यवाद करें कम है ।कई लोग तो इतने अभाव में जीवन जीते हैं कि उनकी कल्पना मात्र से ही हमारा हृदय सिहर जाता है।
हे ईश्वर
सृष्टिसे इस कोरोनावायरस को दूर करो और सभी को जीवन जीने की प्रेरणा दो।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें