साहित्य समाज की उन्नति की आधारशिला है

साहित्य समाज की उन्नति की आधारशिला है 
साप्ताहिक प्रतियोगिता
 आलेख में प्रस्तुत है, मेरा आलेख

 "अंधकार है वहां जहां आदित्य नहीं है ,
मुर्दा है वह देश जहां साहित्य नहीं है "
साहित्य समाज का दर्पण है। इसका अर्थ यही है कि साहित्य समाज का न केवल एक कुशल चित्र प्रस्तुत करता है, अपितु समाज के प्रति उसका दायित्व है। साहित्य का कर्तव्य है कि समाज में फैली हुई अनैतिकता, अराजकता, निरंकुशता और असामाजिक तत्वों के दुष्प्रभाव को सबके सामने लाना, और जीवन के शाश्वत मूल्य और आवश्यकताओं को अपेक्षा प्रदान करना ।
एक साहित्यकार का कर्तव्य है कि वह अपनी रचनाओं से समाज में एक सृजनशील वातावरण का निर्माण करें, और ऐसे नागरिकों को तैयार करें जो आशा का संचार कर सके ,हृदय में उत्साह और कर्तव्य बोध की दिशा दे सके।
 समाज की रूपरेखा को कल्याण और सुखद पथ पर प्रस्तुत कर सके।
 साहित्य में शक्ति है जोकि करोड़ों हृदय को आशा की ज्योति से  प्रज्वलित कर सकती है।
" खींचो ना कमानो को न तलवार निकालो, घर तोप मुकाबला हो तो अखबार निकालो"
 जब जब देश पर कोई संकट , विपत्ति आती है, तब तब देश के जांबाज  रक्षकों की भांति देश का साहित्यकार भी उत्तम वातावरण का निर्माण करता है। किसी समाज की उन्नति या अवनति का निर्धारण उस देश की साहित्य सृजनशीलता पर आधारित होता है।
 देश के रचनाकार समवेत स्वरों में जब किसी विषय पर अपने विचारों को व्यक्त करते हैं, तभी समाज में क्रांतिकारी  परिवर्तनों की नींव रखी जा सकती है। जिस देश का साहित्य जितना समृद्ध, गौरवशाली होगा ,उस देश की उतनी प्रगति होगी ।
हमारे भारत देश की गरिमा भी हमारा उत्तम साहित्य है ।हमारे देश में तुलसीदास जी, कालिदास जी, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जी, महादेवी वर्मा जी, मुंशी प्रेमचंद जी, और कई ऐसे साहित्यकार हुए हैं, जिन्होंने हमारे समाज को सदैव सदैव नई दिशा दी है ,और भारत की आध्यात्मिकता को नई बुलंदियों पर पहुंचाया है। आज भी सारा विश्व भारत की ओर राह तकता है।
 अतः हम गर्व पूर्व कह सकते हैं कि साहित्य समाज की उन्नति की आधारशिला है।
 एक सच्चा लेखक समाज को बनाने की दिशा में अपना अमूल्य योगदान देता है, और बिना किसी स्वार्थ  या डर से अपनी लेखनी के माध्यम से सामाजिक चेतना का आह्वान करता है। और सच मानिए साहित्य का ही कमाल है जोकि हम कई परिवर्तनों को देखते हैं।
 आज का समय भले ही टेक्नोलॉजी का हो गया हो, रोबोट का हो गया हो, फिर भी कलम में जो ताकत है वह किसी भी तोप में, बम में गोलों में नहीं है। मुझे गर्व होता है कि भारत के कलमकार  साहित्यकार अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को सदैव सदैव उन्नति की ओर ले जाने का प्रयास करते हैं।
 बस कभी-कभी जो सस्ते लेखक होते हैं जिनके विचारों में गंदा पन कामुकता, अश्लीलता होती है उनसे कभी कभी  हृदय में क्षोभ का जन्म होता है। इन सब के बावजूद भी सच्चा साहित्य सदैव सदैव विद्यमान था, विद्यमान है, और विद्यमान रहेगा, और सदैव सदैव समाज की उन्नति की आधारशिला बनता रहेगा।
 श्रीमती सुधा  जैन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ