खुशियों का सवेरा
चित्र आधारित रचना
शीर्षक::::: खुशियों का सबेरा
डा.पायल बहुत प्यारी लड़की है। उसके मन में प्यार और संवेदनाओं का संसार बसता है। वह फिजियोथैरेपिस्ट है। अपने मरीजों की फिजियोथेरेपी करने के साथ-साथ उसका प्यार भरा व्यवहार मरीजों को आधा ठीक कर देता है ।उसका क्लीनिक कॉलोनी में है, और अपने घर से वह प्रतिदिन अपनी गाड़ी से जाती है ।कई दिनों से देख रही थी, सिग्नल के आगे एक प्यारा सा मासूम बच्चा छोटे-छोटे दोनों में जामुन रखकर बेच रहा है। कुछ दिन वह देखती रही। एक दिन अपनी गाड़ी रोक कर उसने पूछा ,
" कैसे दिए जामुन "और उसने एक दोना जामुन खरीद लिया ।जामुन बहुत स्वादिष्ट थे,पर जामुन से ज्यादा उस प्यारे से बच्चे की मुस्कान ने उसके दिल को छू लिया ,और घर आकर भी उसे उस बच्चे की याद आती रही ।
डा.पायल की प्यारी सी गुड़िया हैं, कृधा , सारे जहां की खुशियां वह उसे देना चाहती है। पापा और मम्मी दोनों मिलकर बहुत प्यार से उसकी परवरिश कर रहे हैं। अब तो रोज का क्रम बन गया डा.पायल थोड़ी देर गाड़ी रोकती और उस बच्चे से बात करती।
बच्चे का नाम अमन है, घर पर मम्मी और छोटी बहन है। पापा नहीं है। मम्मी बीमार है, इसलिए घर चलाने के लिए उसे काम करना पड़ता है।वह स्कूल भी गया है, तीसरी तक पढ़ाई की है ,पर अब नहीं पढ़ रहा ।
यह जो छोटे बच्चे होते हैं, यह अपने घर के बड़े होते हैं। घर की सारी जवाबदारी आ जाती है, जय की खुद की खेलने की, पढ़ने की उम्र है उस समय के अपने घर की जिम्मेदारियों को पूरा करने में लग जाते हैं ,और अमन भी यही कर रहा था।
इतना मासूम , उसकी खाली आंखें जिन में कितने ही सवाल थे ।
डॉ पायल के मन में इस प्यारे से बच्चे के लिए कुछ करने का संकल्प जन्म ले चुका था।
एक बार जहां उसका घर था वहां पर गई। अमन की मम्मी और छोटी बहन को देखा। और उनकी पीड़ा को मन में महसूस किया।
मैं क्या कर सकती हूं? यह सोचने लगी कि हम लोग हमारी जरूरतों या इच्छाओं के लिए कितना खर्च कर देते हैं ,लेकिन यह समय है कि अपनी इच्छाओं को कम करके किसी की जिम्मेदारी लें। जब जीवन से इच्छाएं गायब हो जाती है तो हमारे भीतर एक असाधारण और रहस्यमय क्षमता जागृत होती है, जो हमें दूसरों की मदद के लिए तैयार करती है। इस प्रकार की दिव्य भावना उसके मन में आ गई उसने अमन के परिवार को दत्तक लेने का संकल्प लिया। अमन का अच्छे स्कूल में एडमिशन करवाया। उसकी ड्रेस, यूनिफॉर्म, किताबें, और सभी जरूरतों की व्यवस्था की। अमन की मम्मी को अच्छे अस्पताल में दिखाया, और उनका इलाज शुरू किया। और छोटी बहन के पोषण की व्यवस्था की। प्यारा सा अमन अब जामुन नहीं बेजता बल्कि खुशी-खुशी स्कूल जाता है ,और यह सब करके डॉ पायल के मन में बहुत ही संतुष्टि और खुशी का भाव है। खुशियों का सवेरा उसके तन और मन दोनों में दस्तक दे चुका था, और अपनी इच्छाओं के खर्चे कम करके किसी की जिम्मेदारी उठाने के दृढ़ संकल्प की चमक उसके चेहरे पर दिखाई दे रही थी ।
सुधा जैन
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें