असली जिंदगी में कर्मवीर बने हम

असल जिंदगी में कर्मवीर बने हम

कौन बनेगा करोड़पति के कर्मवीर स्पेशल एपिसोड में कई धुरंधर आए ,और अपनी प्रतिभा और कार्यों से दर्शकों को प्रभावित किया। इस बार के कर्मवीर स्पेशल में दो खास शख्स नजर आए। इस बुजुर्ग दंपत्ति के सराहनीय काम को देख कर हृदय से नमन करने का मन करता है। 
पद्मश्री डॉ रविंद्र कोल्हे  और पद्मश्री डॉ स्मिता कोल्हे , जो कई सालों से ग्रामीण आदिवासी समुदाय की चिकित्सा और देखभाल में लगे हुए हैं। यह दंपत्ति पिछले 32 सालों से यह कार्य कर रहे हैं, और लोगों की चिकित्सा के लिए महज ₹1 फीस लेते हैं। डॉक्टर रविंद्र  कोल्हे कहते हैं, "डिलीवरी होते समय कभी मां मर जाती है, कभी बच्चा मर जाता है ,तो उन्होंने फैसला लिया कि एक एमबीबीएस के नाते मेरी जरूरत यहां है," साथ ही गांव की किसानों की दूसरी सहायता से भी पीछे नहीं हटते, और इस कार्य में उनकी पत्नी डॉ स्मिता भी उनका पूरा पूरा साथ देते हैं... ग्रामीण लोगों में चिकित्सा के साथ-साथ संवेदनाएं जगाने का कार्य भी करते हैं। उनका संदेश है कि
" कोई अच्छी शुरुआत करनी है तो वह भी खुद से और अभी से शुरू करनी है ,अभी नहीं तो कभी नहीं"
 दोनों पति-पत्नी मिलकर गांव का पूरा जीवन सुधार रहे हैं ।आधुनिक सुख सुविधाओं से वंचित चिकित्सा सुविधाओं से वंचित मुख्य सड़क से 40 किलोमीटर दूर उन्होंने अपने जीवन को वही बिताने का संकल्प करके कई लोगों के जीवन में सार्थक बदलाव लाने का प्रयास किया । यही जीवन की सच्ची सफलता है।
 जब हम किसी अच्छा कार्य करने की सोचते हैं ,उसके बारे में जानकारी एकत्र करते हैं लेकिन अगर हम उसे किसी  कार्य रूप में परिणित नहीं कर पाए ,तो वह हमारी जानकारी मात्र जानकारी बन कर रह जाती है। इस दुनिया में जो भी बदलाव आए हैं, वह सोचने के साथ करने में भी आए हैं। हम यह नहीं सोचे कि हम बहुत बड़ा बदलाव ला सकें, लेकिन हमारी सोच से, हमारे विचार से, और हमारे क्रियान्वयन से हम किसी की जिंदगी में छोटा सा भी सार्थक बदलाव ला सकें, वही हमारी जिंदगी की सफलता है।
 एक शिक्षक के रूप में हम अच्छा शिक्षण देकर बच्चों में जीने का कौशल  जगा कर उन्हें अच्छा मानवता पूर्ण इंसान बना सकते हैं। चिकित्सक के रूप में गरीबों के की चिकित्सा करके थोड़े पुण्य का अर्जन कर सकते हैं। एक सामान्य गृहस्थ के रूप में भी हम अपनी सोच और कार्य  में समन्वय करके जीवन में बदलाव ला सकते हैं ।यही हमारे जीवन की सार्थकता है कि हमारे जीवन से हमने क्या अच्छा किया? आइए हम सब शुभ संकल्प लें कि विचारों की शुद्धता ,सोच के साथ-साथ हम कार्य रूप में भी खरा उतरे । एक रचनाकार के रूप में भी अपने सकारात्मक चिंतन और ऊर्जा के माध्यम से सभी की जीवन ऊर्जा को बढ़ा सकें और बदलाव के लिए तैयार कर सकें ,यह भी लेखन का बहुत बड़ा दायित्व है।
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ