बिटिया का खतअपनी मां के नाम

बिटिया का खत अपनी मां के नाम
 मेरी प्यारी मां
 बहुत सारी यादें बहुत सारा प्यार
 मेरी प्यारी मां ,अभी जब तुम 28 अप्रैल को हमें छोड़ कर चली गई तब से ह्रदय में अजीब सा खालीपन आ गया है। जब तुम थी, तो ऐसा ही नहीं था कि तुम्हारा ना होना इतना महत्वपूर्ण हो जाएगा ।
तुम्हारे साथ बिताए गए जीवन के सारे पल एक-एक करके स्मृति में सदैव चलते रहते हैं। तुम एक बहुत अच्छी मां थी। सदैव हम सब को अच्छी और सच्ची राह पर चलने की प्रेरणा दी। अपने स्वभाव की सहजता सरलता से हमें जीवन में आगे बढ़ना सिखाया। अब मैं याद करती हूं तो मुझे लगता है कि तुम कितनी प्रगतिशील थी। तुम्हारी चाहत थी मेरे बच्चे चांद को छुएं।
 तुम्हारा गुस्सा तो मैंने कभी देखा ही नहीं, सदैव प्यार ही प्यार लुटाते देखा। कितना प्यार करती थी, हम बच्चों से। जब भी मैं तुमसे मिलने घर आती कितने सारी बातें पूछती ।कुछ नया खरीदा हो तो बड़े प्यार से देखती।
 खुश होती चटक रंग तुम्हें बहुत पसंद थी मेरी कोशिश भी रहती थी कि मैं हमेशा चटक रंगों में ही तुम्हारे सामने आऊं ,और तुम्हारे लिए भी मैंने सदैव चटक रंग की साड़ी खरीदी, उसी में तुम्हारा स्वरूप प्यारा लगता था, और लाल चुनरी में ही तुम घर से विदा हो गई। हम तुम्हें जाते हुए नहीं देख सके इस बात का अफसोस जीवन भर रहेगा। आपने हम पर बहुत प्यार लुटाया मां, पर हम उतना प्यार नहीं लुटा पाए। आप प्लेन में बैठना चाहती थी, पर हम बिठा नहीं पाए। कुछ यात्राएं करना चाहती थी,, वह नहीं करा पाए ।इतनी अच्छी तुम थी वह तुम्हें जता नहीं पाए। हमने तुम्हें जब भी पुकारा तुम हमारे साथ थी। पर हम तुम्हारी पुकार पर नहीं थे। आज मुझे एक बेटी के रूप में यही कहना है कि अपने माता-पिता से जीते जी ही प्यार कर लो। अपने दिल की सभी बातें उनसे कह लो, सुन लो ।उनके मन की छोटी-छोटी इच्छा हो तो पूरा कर दो। उनका आदर सत्कार कर लो। उनके मरने पर उनके गुणगान गाने की बजाए जीते जी उनसे प्यार के कुछ पल बिता लो। ताकि कोई अफसोस ना रहे। यह मेरे दिल की सच्ची भावना है। मां भी अच्छी थी, हम बेटियां भी अच्छी थी, फिर भी कहीं ना कहीं कमी लगती है, जो समय गुजर जाता है ,वह नहीं आता है ।मां-बाप हमारे जीवन में बहुत महत्व रखते हैं ,।
पत्र लिखते समय आंखों में आंसू है ,और दिल में मां की याद। मेरी मां जहां भी है ,खुश है हम सब की खुशियों के लिए सदा दुआ करती है ।
"मां का आंचल मां का प्यार  फिर ना मिलेगा वह संसार"
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

  1. बहुत बढ़िया मेडम माता और पिता सबसे अनमोल तोहफा है।बहुत बहुत सुंदर संदेश है।Thanks Mem shaista

    जवाब देंहटाएं
  2. जयजिनेन्द्र बहुत सुनदर दिल कि बात.अपनो से

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ