लड़के भी रोते हैं
लड़के भी रोते हैं
अभी हम सब ने बिटिया दिवस बड़े ही अच्छे तरीके से मनाया। हमारा बिटिया दिवस मनाना, तभी सार्थक हो सकेगा, जब हम अपने बेटों को भी नारी के हर रूप का सम्मान करना सिखाएंगे।
चाहे वह मां ,बहन पत्नी, बेटी या किसी भी रूप में हो। हमारे बचपन की परवरिश, हमारे संस्कार ही हमारे बेटों का भविष्य तय करते हैं। हमारे परवरिश के आधार पर ही तय होता है कि हमारे बेटे स्त्रियों का सम्मान करते हैं ,या नहीं।
बेटे को बचपन से ही कहते हैं अगर वह रोता है ,तो कहते हैं कि लड़के नहीं रोते ।
क्यों नहीं रोते भाई? क्या लड़कों का दिल नहीं होता ? क्या उन्हें संवेदना ही नहीं होती?
जब भी हम अपने बेटों को बड़ा करें ,अगर वह रो रहे हो तो रो लेने दे, पर कभी भी यह नहीं कहें कि लड़के नहीं रोते।
जब वे किशोर अवस्था में होते हैं, और अगर दर्पण के सामने खड़े होकर बार-बार अपने चेहरे, अपने कपड़ों को निहारते हैं तो मम्मी कहती है ,क्या लड़कियों की तरह आईने में खड़ा होकर अपने को निहार रहा है?
क्यों नहीं निहार सकता भाई? क्या लड़कों में सौंदर्य बोध नहीं होता ?अतः जब भी हमारे लड़के आईने के सामने अपने आप को निहारे तो उन्हें देखने दीजिए ।
क्या लड़कियां ही दर्पण के सामने खड़ी होती है ,और अपने रूप को निहारती हैं।
बचपन से ही हम लड़कियों को तो घरेलू कामों की कहीं ना कहीं ट्रेनिंग देते ही रहते हैं, या यूं कहें कि उनमें यह सब चीजें इनबिल्ट ही होती है। लेकिन हमें हमारे बेटों से भी बचपन से ही छोटे-छोटे घर के काम जरूर कराना चाहिए ।
जैसे कि बर्तन जमाना ,कपड़ों की घड़ी कराना, ड्राइंग रूम को ठीक कराना, भोजन परोसना जैसा आप अपनी लड़कीसे करवाते है ,वैसे ही अपने लड़कों से भी कराना है। कभी भी इस भेदभाव में उनको नहीं डालना है।
जिस प्रकार किशोर होती हुई लड़की को मम्मी प्यार से सब कुछ समझाती है और उसके मासिक धर्म और शारीरिक परिवर्तनों में उसकी मदद करती है ,उसी प्रकार हमारे बेटों को भी किशोरावस्था में उनमें भी शारीरिक और मानसिक परिवर्तन होते हैं ,उनके हारमोंस चेंज होते हैं तब माता-पिता दोनों का कर्तव्य हो जाता है कि वह अपने बेटों से दोस्ताना व्यवहार करके उसके मन को जाने ,उसके परिवर्तनों को समझे और उसका साथ दें ,अगर हमने उसके परिवर्तनों को ध्यान नहीं दिया तो वहीं चीजों को अपने दोस्तों से पूछेगा ,और सही गलत राय होने पर भटक भी सकता है। बच्चे उत्साही हो कर अपनी कुछ गलती भी बताएं तो उसे प्रेम पूर्वक सुने ,डांटे नहीं और बताएं कि यह बात अच्छी नहीं है। ताकि अगली बार से वह फिर उस बात को कहने का साहस कह कर सके ।
अगर आपने सख्त अनुशासन करके उसे रोक भी दिया तो फिर वह कभी भी आपको नहीं कहेगा। बचपन से ही हमारे बेटों को अपनी बहन, चाची, बुआ, मामी, मां सभी का सम्मान करना सिखाना है ।ताकि बड़े होकर वे पत्नी का भी सम्मान कर सकें ,उसे सहयोग दे सकें क्योंकि हमारी बेटियां तभी खुश रह सकेंगी जब हमारे बेटे उनको सम्मान देंगे। अतः हमारे बेटे के हृदय में बचपन से ही प्यार, सहयोग, संवेदना,का संसार हम सबको मिलकर तैयार करना है। बचपन और किशोरावस्था से ही आने वाले समय के लिए तैयार हो सके ।उसे अपने जीवन संघर्ष में मजबूत करने के लिए कुछ वर्ष घर से बाहर बिताने का अवसर भी देना चाहिए, ताकि वह नए लोगों से मिल सके। लोगों की पहचान कर सकें, और उन सब के बीच में संघर्ष है करके अपने आप को स्थापित कर सके ।माता-पिता की परवरिश ही बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण की ओर ठोस कदम होता है। आइए,
हम हमारे बेटों को एक संवेदना वाले व्यक्तित्व के रूप में निखारे। और ऐसा कभी नहीं बोलेंगे कि लड़के नहीं रोते हैं।
बिल्कुल सही कहा आपने
जवाब देंहटाएंसही हे
जवाब देंहटाएंबिल्कुल सही हैं
जवाब देंहटाएं