मेरा प्यारा गांव छोटी कसरावद

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹
 मेरा गांव मेरा देश 🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

भारत मेरा देश है, और मध्य प्रदेश मेरा प्यारा प्रदेश है। मध्य प्रदेश के इंदौर संभाग के खरगोन जिले में छोटी कसरावद गांव है ,जहां मेरा बचपन बीता और अपने माता ,पिता ,दादा, दादी ,बड़े पापा, बड़ी मम्मी और अपने गांव से जीवन के सारे पूर्ण सीखें। मेरा गांव छोटा सा है, पर पूरा भारत उस में समाया हुआ है। गांव में नदी है ,दूसरे किनारे पर मेरा घर।
 घर के पीछे हरिजन बस्ती, पास में मुस्लिम बस्ती नदिया के पार राजपूत ,पाटीदार ,कुशवाह रहते हैं ।मेरे इस छोटे से गांव में हमने सारे पर्व बड़े उत्साह से मनाए। चाहे दिवाली हो, होली हो, मोहर्रम हो, ईद हो, सारे त्यौहार उसी उत्साह से मनाते रहे ।मोहर्रम पर ताजियों के बीच से निकलना, लोबान डालना ,पूरी रात जगना ,नवरात्रि पर रामायण महाभारत के नाटकों का मंचन, वहीं पर हमने राम का त्याग, हनुमान का बल ,अभिमन्यु ,कृष्ण इन सब के बारे में जाना। सावन में सुंदरकांड का पाठ ,अपने घर में प्रतिदिन रामचरितमानस का पाठ, नदी के उस पार दसोंधी परिवार ,परम गायत्री भक्त, वहां पर यज्ञ ,हवन होते ।पंडित श्री राम जी शर्मा का आगमन भी हुआ ।दर्शन भी किए, और मां गायत्री जीवन में समाहित हो गई। युग निर्माण योजना, अखंड ज्योति ,बहुत  पढी।
घर के थोड़ी दूर पर ही खान सर का घर, वहां पर भाभी इतने प्यार से बोलते, जी ,आइए बैठिये । मीठा शरबत पिलाते। धर्मयुग ,साप्ताहिक हिंदुस्तान उनके यहां पर ही पढती ।घर पर भी साहित्यिक माहौल, बहुत सारी पुस्तकें, बाल पुस्तकें, गीता प्रेस गोरखपुर की पुस्तकें, हम सब भाई बहन मिलजुल कर पढ़ते ।नदी में कपड़े धोने जाते। कंचे भी खूब खेलते ।गाने भी खूब गाते ।बहुत प्यारा बचपन बहुत प्यारा गांव। ना कभी जातिवाद को जाना, ना कभी सांप्रदायिकता को जाना, ना कभी कोई भेदभाव देखा। सब और सिर्फ प्रेम ही प्रेम ।जीवन के पाठ इतने अच्छे से पढ़ लिए है की समरसता की धारा मन में सदैव बहती रहती है। गांव के पास में ही एक पुरातात्विक संपदा भी है, जिसे ईट बयड़ी कहते हैं।
 मेरा गांव, मेरा देश की बात कहती हूं, तो मेरा प्यारा गांव ,मेरे प्यारे से गांव के प्यारे लोग ,और प्यारे से गांव के मिले ढेर सारे संस्कार याद आते हैं। मेरे छोटे से गांव छोटी  कसरावद को मेरा प्रणाम, और बहुत सारी मधुर स्मृतियां ।

सुधा जैन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ