कन्या पूजन की सार्थकता

शनिवार 24/10/2020
 आलेख प्रतियोगिता 
विषय ‌ ******कन्या पूजन की* *सार्थकता* 
नवरात्रि  मां दुर्गा की आराधना का पर्व है। इन नौ दिनों में माता के नौ रूपों की पूजा की जाती है। मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी ,चंद्रघंटा कुष्मांडा, स्कंदमाता ,कात्यायनी कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री।
 इन नौ शक्तियों के मिलन के पर्व को नवरात्रि कहते हैं। पर्व के दौरान लोग अपने आध्यात्मिक और मानसिक शक्तियों में वृद्धि के लिए संयम की साधना करते हैं, उपवास रखते हैं, भजन पूजन और योग साधना भी करते हैं। इन नौ दिनों में दुर्गा सप्तशती का पाठ हवन और कन्या पूजन अवश्य करना चाहिए।
 हमारे देश में कन्या पूजन सदियों से चला आ रहा है, लेकिन क्या 1 दिन कन्या पूजन करने के बाद नारी जाति के प्रति पुरुष वर्ग के कर्तव्य और भावनाएं समाप्त हो जाती है ।कन्या पूजन  करने के बाद अगले ही दिन वे उसे राक्षस बनकर नोच कर खाने में और फिर जिंदा जलाने में तनिक भी संकोच नहीं करते ,क्या यह सहीहै?
 *हमारे कन्या पूजन की सार्थकता* 

 देश में विषम स्थितियां बनी हुई है। हमें बहुत ही चिंता है ,हमारी बेटियां समाज में सुरक्षित नहीं है। वह निर्भय जीवन नहीं जी पा रही है। कन्या पूजन कैसे  सार्थक होगा?
 कन्या पूजन का मतलब 
कन्याओं की भ्रूण हत्या नहीं करना है ।कन्या पूजन करना अर्थात अपने कोख में पल रही  कन्या भ्रूण  की सुरक्षा करना उसे इस दुनिया में लाना, ना कि उसकी कोख में ही हत्या कर देना।
 एक पूजन सही मायने में तभी सफल होगा जब हम अपने घर में बहन और बेटी का सम्मान करेंगे। उनके सुख-दुख का ध्यान रखेंगे। उसे आगे बढ़ने और विकास करने का मौका देंगे, और खुले रहने से कन्या के विकास में सहयोग देंगे। _दुर्गा एक सोच है_ अतः हमें हमारी कन्याओं को एक गरिमा पूर्ण व्यक्तित्व बनाना है। उन्हें पौष्टिक भोजन, स्वयं को संगठित करना, विचारों से परिपक्व करना ,ना कि छोटी मानसिकता के साथ कन्या का शोषण करेंगे।
 *कन्या शिक्षा को बढ़ावा देंगे* 
  उन्हें शिक्षित करके आत्मनिर्भर बनाएंगे ,ताकि भविष्य में आने वाले हर तूफान का डटकर सामना कर सके। लड़कियां होने के आधार पर हम उन्हें नहीं रोकेंगे। जब हम उनके शारीरिक मानसिक, और शैक्षिक विकास का पूरा ध्यान रखेंगे, तो कामयाबी कदम चूमेगी और हम गर्व से कह सकेंगे कि वह मेरी बेटी है। बहू और बेटी के अंदर की खाईको पाटना है।
 इतिहास गवाह है कि जब हमने बेटियों का सपोर्ट किया, उन्होंने हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन किया ।फिर चाहे वह हमारे देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी हो या पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल, महिला अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला ,मंगलयान मिशन डायरेक्टर नंदिनी हरि नारायण हो, 6 बार की वर्ल्ड चैंपियन हिमा दास हो, सभी ने यह सिद्ध कर दिया कि नारी केवल कोमलांगी  ही नहीं, वरन फौलाद जैसे इरादे रखने वाली कठोर चट्टान भी है। बछेंद्री पाल ने एवरेस्ट पर फतह हासिल की। अरुणिमा सिन्हा ने विकलांगता के बावजूद भी एवरेस्ट पर विजय प्राप्त की ।शिक्षा के बल पर ही किरण बेदी फर्स्ट आईपीएस ऑफिसर बनी, इंदिरा नूई पेप्सीको की सीईओ बनी, और भी कई नाम है जो कन्या की प्रतिभा को उजागर करते हैं। सानिया मिर्जा, पी वी संधू, साइना नेहवाल, कहने का तात्पर्य है कि अगर हम कन्या पूजन को सही मायने में सार्थक करना चाहते हैं, तो हमें बेटियों को शिक्षित करना होगा, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना होगा,
 *दहेज  प्रथा पर रोक लगाना होगा*
 अगर हम कुंवारी कन्याओं को सचमुच में सुरक्षित रूप से बड़ा करना चाहते हैं, तो दहेज जैसी कुप्रथा का अंत करना होगा, ताकि माता-पिता को उसके जन्म के साथ ही उसका दहेज नहीं जुटाना पड़े ,क्योंकि समृद्ध भारत में आज भी दहेज की परंपरा खत्म नहीं हुई है, और इस दहेज के चलते कई कन्याएं आग की  बलिवेदी पर चढ़ती है, और पुरुष और महिलाओं के अनुपात में भी इसीलिए अंतर आ रहा है ।वह दिन दूर नहीं जब हमारे लड़कों के लिए लड़कियों की कमी हो जाएगी ,और बहुएं नहीं मिलेगी। तब हम क्या शादी रोबोट से करेंगे?
 अपने बच्चों को घर से ही अच्छे संस्कार देना है। बचपन से ही बालक के हृदय में अपनी मां के प्रति, बहन के प्रति और सभी महिलाओं के प्रति आदर और सम्मान की भावना का जन्म देना है, और यह तभी संभव होगा जब हमारे घर में उत्तम और नैतिक वातावरण होंगा। हम बच्चों को दादी, नानी , कहानियों के माध्यम से नैतिक शिक्षा देंगे, और उनके उत्तम व्यक्तित्व के निर्माण के द्वारा उनका समग्र विकास करेंगे। कन्या पूजन की सार्थकता इसी अर्थ में सिद्ध हो सकेगी की हम हमारे घर की कन्या ,परिवार की कन्या, समाज की निर्धन परिवारों की कन्या, सभी के कल्याण में अपने भूमिका निभाएं, जो बहुत प्रगतिशील हैं वहां तक तो ठीक है लेकिन फिर भी आज भी कई लोग कन्या का जन्म पालन पोषण भार समझते हैं। कन्या के जन्म पर खुश नहीं हो पाते हैं ,यह हमारे समाज की विडंबना है। मात्र नौ दिन कन्या पूजन करके हमारे कर्तव्य की इतिश्री नहीं हो जाती है। हमें एक ऐसे स्वस्थ सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है, जहां पर हमारी कन्याएं निर्भय होकर घूम सके और इसके लिए हमारे पुरुष वर्ग को नैतिकता  की मिसाल देना होगी। बलात्कार जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाना होगा ,और नारी का हृदय से सम्मान करना होगा ।तभी हमारे कन्या पूजन की सार्थकता सिद्ध हो सकेगी। अन्यथा कन्या पूजन भी होता रहेगा, और कन्याओं की हत्याएं भी होती रहेगी ।
आशा है ,मेरे इस आलेख के माध्यम से कन्या के प्रति हम सम्मान की भावना जन्म दे सकेंगे।
 सच्चे हृदय से करें कन्या का सम्मान 
कन्या पूजन की सार्थकता इसी में है।
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ