अस्तित्व की तलाश

अस्तित्व की तलाश 
अंबिका एक प्राइवेट कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर का कार्य करती है। अपने कार्य के प्रति बहुत ही गंभीर और वफादार है। इसके साथ ही अंबिका एक कुशल गृहिणी, अच्छी पत्नी, सुघड़ बहू ,अच्छी मां, अपने मम्मी पापा की प्यारी सी बिटिया और बहुत सारे सुंदर रिश्तो को समेटे हुए हैं। वह अच्छी सी कुक, सभी की सेवा करने वाली नर्स , और कई कार्य करने वाली मल्टी टास्किंग वुमन है।
 जैसे मां दुर्गा के दस हाथ हैं, वैसे ही अंबिका सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक घर के सारे कार्य बहुत ही सुंदर  तरीके से करती है। इसके बावजूद ना तो कोई उसकी केयर करता है, ना कोई सहानुभूति, ना कोई प्यार बस एक रूटीन सा जीवन चला जा रहा है। सब कुछ ठीक भी है, लेकिन अंबिका को संतुष्टि नहीं है ।
सुबह नाश्ते में थोड़ी सी भी देर हो जाए तो पति यूं ही चल देते हैं। चाय थोड़ी सी मीठी हो जाए तो ससुर जी को गुस्सा आ जाता है । ऑफिस जाते समय वह स्लीवलैस पहनती है, तो ससुर जी की नजरें घूरने लगती हैं, और वह बोल देते हैं कि ऐसी ड्रेस तुम्हें शोभा नहीं देती, सब लोग घूरते हैं ,अच्छे घर की बहू  ऐसे कपड़े नहीं पहनती।
 अंबिका सुनते ही रह जाती है। शाम को वह और उसके पति करीब-करीब साथ में ही लौटते हैं,, लेकिन उसे आते ही किचन में लगना पड़ता है ।
आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने के बाद भी उसका कुछ खर्च करने पर कभी ससुर जी और कभी पतिदेव कुछ ना कुछ टिप्पणी कर देते हैं ।अंबिका सोचती ही रह जाती है कि मैं सब कुछ तो बन गई ,पर वह नहीं बन पाई जो मैं बनना चाहती थी। उसे बचपन से ही कत्थक में रुचि थी, वह बढ़िया डांसर भी है, और उसी में अपना कैरियर बनाना चाहती थी, लेकिन एक लड़की के सपने शादी के बाद खत्म होने लगते हैं, और एक घर को चलाने के लिए जो जरूरी होता है वह वह कर लेती है।
 इन दिनों नवरात्रि पर्व में उसे मां दुर्गा के सभी स्वरूप स्मृति में आ रहे हैं, और वह सोचती है कि नारी का अपना भी कुछ अस्तित्व है। भले ही वह एक बूंद के बराबर हो, लेकिन अपने अस्तित्व की तलाश तो बराबर बनी रहती है। आज ही उसने कुछ निश्चय कर लिया, और अपने पति से शयन कक्ष में पूछा कि" मैं अपने कत्थक को जारी रखना चाहती हूं, मुझे उसी में आनंद मिलता है "
पति उसे घूरने वाले अंदाज में बोले" नहीं यह डांस, गाना बजाना, हमारे परिवार की परंपरा नहीं है। यूं ही हमने तुम्हें बहुत आजादी दे रखी है, कई स्त्रियों को तो वह भी नहीं मिलती, अपना घर संभालो और जो बाहर का काम कर रही हो वह करो,"
 हमें पैसे जमा करके अपने बेटे को यूएस भेजना है। कत्थक की बात भी मत करना ।
अंबिका तिलमिला उठी, उसके सपनों की कुछ कीमत है या नहीं? क्या वह अपने परिवार की हर समय फर्ज अदायगी ही करती रहे, क्या कुछ पल, कुछ समय, कुछ रुचियां ,कुछ शौक वह अपने लिए नहीं कर सकती? जो उसके जीवन में आनंद  का झरना बह सके। उसे अपना अस्तित्व ढूंढना ही था। उसने अपना निश्चय ग्रहण कर लिया सुबह उठी पैरों में घुंघरू बांधे, और कत्थक डांस करने लगी उसके घुंघरू की आवाजों को सुनकर उसके ससुर जी और अविनाश उसे देखने लगे, लेकिन उसने अपने डांस को रोका नहीं और उन्हें बता दिया कि मेरा भी कुछ अस्तित्व है।
 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ