मेरा जीवन परिचय .माय बायोग्राफी
Biography
मैं श्रीमती सुधा जैन उच्च श्रेणी शिक्षका वर्तमान में शासकीय भोज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धार में कार्यरत हूं। वर्तमान में मै कक्षा नवमी एवं दसवीं में अंग्रेजी एवं हिंदी का अध्यापन करवाती हूं ।
मेरी बायोग्राफी इस प्रकार है।
21 जून 1965 को ग्राम छोटी कसरावद जिला खरगोन में मेरा जन्म हुआ। मेरे पिताजी श्री लक्ष्मी चंद जी जैन साहब जो कि एक शिक्षके पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, और माता जी स्वर्गीय श्रीमती रत्ना देवी जैन जो कि एक आदर्श गृहिणी थी, मैंने उनकी कुक्षी से प्रथम संतान के रूप में जन्म लिया।
दादा जी, दादी जी, बड़े पापा बड़ी मम्मी और भाई बहनों के साथ मेरा बचपन बहुत ही आनंद के साथ बहुत ही प्रेरणादायी वातावरण में बीता। पिताजी और माताजी दोनों ही साहित्य प्रेमी रहे। घर पर साहित्य का वातावरण था, कई पुस्तकें पढ़ने का मौका मिला।
बचपन में बालभारती, नंदन चंपक ,पराग, और गीता प्रेस गोरखपुर की कई प्रेरणादायक किताबें पढ़ने की रुचि रही।
यह रूचि बाद में बड़े होकर अन्य साहित्य प्रेमचंद रवींद्रनाथ टैगोर , अमृता प्रीतम आदि के साहित्य को पढ़ने की और अग्रसर हुई। रामायण का वाचन भी मैंने कक्षा तीसरी से अपने कालेज की पढ़ाई पूरी करने तक प्रतिदिन बगैर किसी नागा पूरा किया।
ग्रामीण परिवेश था, अतः सभी धर्मों के समभाव की भावना स्वत: आ गई ।
जैन धर्म के त्योहार हो ,हिंदू धर्म के गणगौर, होली, दिवाली हो या मुस्लिम समाज के मोहर्रम, ईद हो गायत्री परिवार के यज्ञ हो, दशहरा के नाटकों का मंचन हो, सभी में बराबरी से हिस्सेदारी रही, और खूब आनंद भी लिया। जीवन के प्रति समझ विकसित होती रही। कक्षा आठवीं में भी मेरिट में आई और छात्रवृत्ति भी मिली।
कक्षा 11वीं में भी कला संकाय में प्रवीणता सूची में स्थान मिला और उस समय पेपर में मेरा फोटो भी आया, जिसे देख कर मन में बड़ी खुशी हुई।
मैंने कला संकाय से अपना अध्ययन पूरा किया, आगे अध्ययन के लिए इंदौर जाने की इच्छा भी रखी, लेकिन पारिवारिक परिवेश मैं बाबूजी की इच्छा थी कि बेटियों को अपने पास ही पढ़ाऊंगा, अतः बाद की शिक्षा स्वाध्यायी के रूप में प्राप्त की और खरगोन विश्वविद्यालय से बीए की डिग्री प्रथम श्रेणी एवं प्रवीणता सूची मैं स्थान भी प्राप्त किया।
सन 1984 में मेरा बीए पूर्ण हुआ सन 1986 में मैंने एम ए राजनीति में प्रथम श्रेणी में प्रवीणता सूची में स्थान के साथ पूर्ण किया।
उसी समय शिक्षिका के पद की विज्ञप्ति निकली और मेरा उसमें चयन हो गया ,।
शासकीय प्राथमिक विद्यालय भील गांव में मैंने 19 जनवरी 1984 को सहायक शिक्षिका के रूप में अपनी सर्विस शुरू की। प्राथमिक विद्यालय था, बालिकाओं का स्कूल था, उस समय मेरी उम्र 19 वर्ष थी। बालिकाओं को पढ़ाने की चाहत, नई-नई बातें सिखाने की चाहत रही। सभी को अच्छे से हिंदी पढ़ना सिखाना मुख्य लक्ष्य रहा। और इसके लिए मुझे ग्राम पंचायत भील गांव से पुरस्कृत भी किया गया।
19 फरवरी 1987 को मेरा विवाह धार में श्री दिलीप जी जैन जो वर्तमान में शिक्षा विभाग में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है, उनसे संपन्न हुआ। श्रीमान श्रीमल जी जैन साहब मेरे ससुर हैं, वे व्याख्याता पद से सेवानिवृत्त हुए और इन दिनों प्रख्यात ज्योतिष विद के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
परिवार के सभी सदस्यों का भरपूर स्नेह और सहयोग मिला और मेरा स्थानांतरण धार करवा लिया गया।
मैंने 8 सितंबर 1987 को शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय डोलकुवा धार में ज्वाइन किया। यहां पर भी प्राथमिक शाला में बालिकाओं को अध्ययन करवाया ।पढ़ने और पढ़ाने में सदैव ही आनंद मिलता है। बालिकाओं के साथ खूब मेहनत की। शिक्षक समाख्या योजना में अपनी तरफ से भी कार्य योजना बनाई, और पुरस्कार भी ग्रहण किए। मैंने इस विद्यालय में 27 वर्षों तक अपनी सेवा दी।
25 मार्च 2013 को मैंने उच्च श्रेणी शिक्षक के पद पर प्रमोशन लेते हुए शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धार में श्रीमती अलक नंदा शर्मा प्राचार्य महोदया को ज्वाइन किया। वर्तमान में इस विद्यालय में अपनी सेवाएं दे रही हूं।
पारिवारिक दायित्वों को पूरा करते हुए अपनी दो संतानों शुभम और सृष्टि को व्यवस्थित अध्यापन करवाया ,और समय अनुसार उन दोनों का विवाह संपन्न किया। शुभम फिलहाल बेंगलुरु में फ्लिपकार्ट में अपनी सेवाएं दे रहा है । बिटिया सृष्टि, दामाद यशस्वी के साथ मुंबई में रहती हैं। नन्हा सा मिवान मेरा नाती है ।
फिलहाल दोनों पति पत्नी सुखमय जीवन का आनंद ले रहे हैं। लिखने का शौक शुरू से रहा लेकिन अभी इन दिनों लॉकडाउन के कारण मानसिक चिंतन और प्रबल हो गया, और इन दिनों कई रचनाएं सामाजिक, पारिवारिक शिक्षकीय, धार्मिक रचनाएं ।लिखी।
छोटे-छोटे बच्चों को छोटी-छोटी कहानियां सुनाने का आरंभ से ही शौक रहा। प्रतिदिन अपनी कक्षा में भी अपने पीरियड में 5 मिनट समय निकाल कर बालिकाओं को किसी न किसी प्रेरणादायक कहानी से जरूर जोड़ती हूं।
चाहे वह कल्पना चावला हो नीरजा भनोट, मदर टेरेसा, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई या और भी कोई कहानी जिससे बच्चे का विकास होता हो ,वह सुनाती हूं। कहानी सुनाना, मेरे शिक्षण का प्रमुख हिस्सा है। और बालिकाएं मुझे कहानी वाली मैडम के नाम से जानती हैं।
मैं समझती हूं कहानियां बालिकाओं को बच्चों को शिक्षण से जोड़ने का प्रमुख माध्यम है। कहानियां सुनने से बालिकाओं का समग्र विकास होता है।
उनमें एकाग्रता, कल्पनाशीलता उत्सुकता, जिज्ञासा ,और भाषा में प्रवीणता आदि गुणों का विकास होता है, और मैं उसी बात को लेकर बालिकाओं को सदैव कहानियां सुनाती हूं ।
इन दिनों मैंने छोटी-छोटी कहानियों के वीडियो भी बनाए हैं, जो मैं अपनी कक्षा के ग्रुप में, फेसबुक पर, यूट्यूब पर भी डालती हूं। उन कहानियों को सुनने में भी बच्चों को बड़ा आनंद आ रहा है। और मुझे सुनाने में बड़ा आनंद आ रहा है ।
शिक्षक पद लेना बहुत ही गरिमा की बात है, और मुझे अपने शिक्षक होने पर सदैव ही गर्व की अनुभूति होती है। और इस बात के लिए मैं अपने माता पिता गुरु और ईश्वर की सदैव सदैव आभारी रहती हूं ,जिनके कारण मुझे यह पद मिला, और आज जब पूरा विश्व और हमारा देश कोरोना संक्रमण से गुजर रहा है, और कई लोग आर्थिक संकट से भी गुजर रहे हैं, ऐसे समय में शिक्षक के पद मुझे आर्थिक रूप से भी निश्चिंतता प्रदान कर रहा है। इसके लिए सदैव में प्रभु की, शासन की आभारी रहूंगी।
इन दिनों मुझे ऐसा लगता है कि मुझे अपने शिक्षकीय पद की गरिमा के लिए और कुछ करना चाहिए ।
कुछ किया है, पर बहुत कुछ करना बाकी है ।
बालिकाओं को कहानियां सुनाने के अलावा मैं उन्हें शारीरिक स्वच्छता ,मासिक धर्म, और बालिकाओं के बढ़ते हुए उम्र के मद्देनजर उन्हें नए जीवन जीने की राह बताने की भी पूरी कोशिश करती हूं।
इन दिनों और कुछ अच्छा करने की इच्छा प्रबल होती जा रही है। बालिकाओं के शैक्षणिक विकास के लिए और क्या कर सकती हूं, ऐसी योजना बना रही हूं।
कुछ दिन पहले ही कुछ बालिकाओं को घर पर निशुल्क शिक्षण भी देना आरंभ किया था, कोरोना के कारण अभी तो बंद है, लेकिन बालिकाओं से व्हाट्सएप और दूरभाष से पूर्णतः जुड़ी हुई हूं। बालिकाओं की व्यक्तिगत समस्याओं को भी पूर्ण करने की पूरी कोशिश करती हूं। मुझे बड़े गर्व की अनुभूति होती है कि मेरी 37 वर्ष की शिक्षक सेवा मेरे लिए बहुत ही आनंददायक रही।
मुझे कभी भी कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
राह में सदैव फूल खिलते रहे और मैं अपने पद से अपने अध्यापन से, अपने ज्ञान से अपने कौशल से, बालिकाओं की राह में फूल खिलाती रही।
सभी पारिवारिक जनों ,आत्मीय जनों ,स्कूल का स्टाफ, प्रिंसिपल मैडम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी सदैव सहयोगी के रुप में मेरे साथ रहे। मेरे पतिदेव भी मेरे साथ हमेशा एक ढाल बनकर खड़े रहे, और मुझे एक अच्छा शिक्षक बनने की ओर प्रेरित करते रहे। सहयोग देते रहे,।
आने वाले समय में मैं अपने पद को और अच्छा गरिमा पूर्ण बना सकूं, बालिकाओं के लिए और कुछ अच्छा कर सकूं ,उनकी शिक्षा की राह में प्रगति करवा सकूं, यही मेरे हृदय की भावना है। और यही मेरी बायोग्राफी है।
"मैं शिक्षक हूं, मैं शिक्षा की तस्वीर बदल दूंगी
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें