पापा में छोटे से बड़ा हो गया


 प्यारी सी कहानी

"पापा, मैं छोटे से बड़ा हो गया"

नव वर्ष का  नवल बहुत प्यारा सा बालक है ।शरारतें भी करता है ,लेकिन प्यार भरी।
 नवल अपने पापा मम्मी और छोटी सी बहना नवेली के साथ रहता है। नवेली को मम्मी थोड़े दिनों पहले ही अस्पताल से लाई है। साल भर पहले उसके घर में दादा दादी भी रहते थे, अपने दादा दादी का लाडला  है। दादा दादी के बीच में सोता । दादा दादी उसे प्यार से बहुत सारी कहानियां सुनाते। दादी उसे परियों की कहानी सुनाती दादा उसे हनुमान और भीम की कहानियां सुनाते ,और ढेर सारे प्रश्न पूछता। दादा-दादी सभी के जवाब देते।
 लेकिन क्या पता? क्या हुआ? उसके पापा ने दादा दादी के लिए नया घर ले लिया और वे वहां चले गए। नवल ने पापा से पूछा" पापा दादा जी यहां से क्यों जा रहे हैं? तो पापा ने कहा" दादा दादी को वहां ज्यादा अच्छा लगेगा ।लेकिन नवल जानता था कि दादा दादी को तो मेरे बिना कहां अच्छा लगेगा? और कुछ पूछना चाह रहा था लेकिन पापा ने कह दिया" अभी तुम छोटे हो ज्यादा बातें मत करो"।
 वह चुप हो गया वह मन ही मन सोचने लगा" क्या मैं सच में इतना छोटा हूं कि कुछ समझ ना पाऊं "
उसे समझ में आ रहा था दादी और मम्मी की अनबन के बारे में ,लेकिन ऐसी  भी नहीं थी उसको सुलझाया ना जा सके, पर छोटा सा नवल और क्या करता ?
कई दिनों तक उसे अपने बिस्तर पर नींद नहीं आई। वह रोता रहा ।
नवल की मम्मी स्कूल जाती थी, लेकिन जब से नवेली आई है ,मम्मी ने स्कूल जाना छोड़ दिया। घर का काम करती है ,नवेली को संभालती है ,मम्मी को नवल से बात करने की फुर्सत ही नहीं है। मम्मी चिड़चिड़ी भी हो गई है। नवल सोचता है, मम्मी उसके पास बैठे ,उससे बातें करें। लेकिन मम्मी को समय ही नहीं है।
 पापा भी इन दिनों अलग ही दुनिया में खोए हुए हैं। नवल के प्रश्नों के जवाब भी नहीं देते ।नवल देख रहा है इन दिनों पापा मम्मी की भी नहीं बन रही है। उसे झगड़े समझ में आते हैं। एक दिन वह देख रहा था ,पापा के हाथ में मम्मी का मोबाइल है ,और पापा पूछ रहे की" रोहित ने तुम्हें ऐसा क्यों लिखा "
मम्मी कह रही थी "मुझे नहीं मालूम "प्यारा सा  नवल जानना चाह रहा था ,क्या बात है?
 एक दिन जब मम्मी नहा रही थी तब उसने मम्मी का मोबाइल खोलकर देखा तो उसने देखा कि रोहित अंकल ने लिखा था" यू आर लुकिंग सो प्रीटी डियर"
 यह बात उसे अच्छी नहीं लगी। लेकिन वह तो बच्चा है।
 एकदिन पापा और मम्मी में बहुत झगड़ा हो रहा था ,और कारण वहीं था, रोहित अंकल मम्मी कह रही थी" मेरी कोई गलती नहीं है ,मैं क्या करूं? तब पापा कह रहे थे, जब तुम्हारी गलती नहीं है तो सॉरी बोल दो ,लेकिन किसी भी रिश्ते में  अहम आ जाता है तो सॉरी बोलना बहुत कठिन हो जाता है। मम्मी ने कहा" मैं सॉरी नहीं बोलूंगी "
तो पापा ने कहा "जब हमारे बीच में ना कोई प्यार है और ना कोई सॉरी है ,तो हम दोनों अलग हो जाते हैं, हमारे साथ रहने का कोई मतलब नहीं है" नन्हा सा नवल पापा और मम्मी की बात सुनता ही रह गया ,और उसे लगा कितना बुरा हो जाएगा जब पापा और मम्मी अलग हो जाएंगे। मम्मी सॉरी क्यों नहीं बोल देती?
 लेकिन वह क्या करता ?
अगले दिन जब मम्मी नहा रही थी तब नवल ने अपनी मम्मी का मोबाइल उठाया और पापा के नंबर पर लिख दिया," आई एम सॉरी"
 शाम को नवल देखता है पापा मम्मी को देख कर मुस्कुरा रहे हैं, और मम्मी भी उन्हें प्यार से खाना खिला रही है। नवल को बहुत अच्छा लगा।
 अब नवल को इसी बात का बुरा लगता था कि दादा दादी को घर कब लाएंगे ?
घर का माहौल अच्छा हो गया था। पापा मम्मी कि दोस्ती हो गई थी। एक दिन नवल ने अपने पापा मम्मी से कहा "मुझे एक बात कहना है, जब मैं बड़ा हो जाऊंगा तब भी मैं आप लोगों के साथ ही रहूंगा हमेशा"
 पापा मम्मी खुश हो गए तब नवल ने कहा" आप कितने खुश हो गए पापा मम्मी मेरी  बात सुनकर ,तो आपने दादा दादी को हमसे दूर क्यों भेज दिया?   हमारे पास रहकर दादा दादी कितने खुश थे। आप दादा दादी को घर पर ले आओ ना पापा"
पापा मम्मी नवल की इस बात को देखकर सुनकर मुस्कुरा दिए ,और उन्होंने कहा" अच्छा बेटे हम आज ही चलते हैं और दादा दादी को घर पर लेकर आते हैं "नन्ही से नवेली भी खिलखिला कर हंस रही थी, और नवल के तो क्या कहने? वह गुनगुनाने लगा "पापा में छोटे से बड़ा हो गया हूं"।

 सुधा जैन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोना चालीसा

जब तक जीना है तब तक सीखना है....

हाथ