नारी तू अप्रतिम - मेरी बाई - रत्ना देवी जैन
में होचाहे वह मां हो, बहन हो , बेटी हो पत्नी हो हर रूप में वंदनीय है। आज मैं अपनी मां, जिसे हम बाई कहते हैं ,उनके जीवन के पहलुओं के बारे में कुछ लिखना चाह रही हूं ।
मां के लिए क्या लिखूं मां ने मुझे खुद लिखा है
मेरी कोशिश यह है कि सच्चाई से उनके जीवन को लिखूं, जिनसे मेरा जीवन बहुत प्रभावित हुआ है।
मदर्स डे पर यही उनके लिए श्रद्धांजलि होगी । अभी 27 अप्रैल को ही उनका निधन हुआ है । लाक डाउन होने से हम बेटियां भी उनके अंतिम दर्शन नहीं कर पाई ,लेकिन मनसे आत्मा से वे बिल्कुल सदैव हमारे साथ हैं ।
खरगोन के महाजन परिवार में मेरी माता जी का जन्म हुआ। नानाजी कोर्ट में मुंशी थे । तीन भाई व पांच बहने। उनका बचपन बहुत ही अर्था भाव में बीता, पैसे की कमी रही पर संस्कारों से भरपूर परिवार में बड़ी हुई।
विवाह योग्य होने पर नानाजी, नानीजी उनकी शादी की चिंता करने लगे। मेरे पिताजी छोटी कसरावद के प्रतिष्ठित जैन परिवार से हैं , उन्होंने अपना शिक्षण पूरा किया, फिर उनका विवाह हुआ पर वह विवाह उनके जीवन का दुखद प्रसंग सिद्ध हुआ। खरगोन मे शासकीय सेवा कर रहे थे । पहली शादी सफल ना होने से जीवन में निराशा आ गई। उस समय आचार्य विनोबा भावे के भूदान आंदोलन से भी जुड़े। खरगोन में जिस घर में वह किराए से रहते थे, वहां की मकान मालकिन को वे मासी कहते थे ,वे बाबूजी से बहुत स्नेह करती थी । उन्होंने बाबूजी से दूसरी शादी का बोला, और कहां मैं तुम्हारे लिए लड़की ढूंढ दूंगी। वे मेरी मेरी नानी जी से परिचित थे। उन्होंने नानी जी को मेरी बाई,{ रत्ना} से शादी का बोला, एक तो धर्म का अंतर{ यह 60 वर्ष पहले की बात है} दूसरा बाबूजी की पहली शादी का टूटना, लेकिन फिर दोनों ने हिम्मत करके कदम बढ़ाया । नाना नानी के पास अर्था भाव तो था ही।
मेरे बाबूजी ने मेरी बाई को देखा कुछ सादे प्रश्न पूछे। दोनों तरफ से हां होने पर बिल्कुल सादे समारोह में मेरी बाई घर आ गई। घर आकर उन्होंने पूरे समर्पण से, जैन धर्म परिवार, रिश्तेदार, सभी को स्वीकार किया। बुजुर्गों की सेवा की, प्रतिदिन प्रार्थना, स्वाध्याय रेडियो सुनना, हम सब भाई बहनों को बड़े पिताजी के बच्चों को भी कहानियां सुनाना, नई नई बातें बताना, फिल्मों की जानकारी देना, हम सब से बिल्कुल एक मित्र के समान रही। चेहरे पर मुस्कान, सादगी उनके आभूषण थे ।
जीवन आगे बढ़ता रहा, उनकी सरलता, वात्सल्य, प्रेम, उदारता भी बढ़ती रही। हम भाई बहनों की शादी की। पोते, पोती, पोता बहू ,नाते ,नातिन, पड पोते सभी को भरपूर स्नेह दिया ।अपने घर आने वालों को _अतिथि देवो भव_ समझकर चाय, नाश्ता ,भोजन अवश्य मनुहार पूर्वक करवाती। छोटो के सिर पर हाथ फेरती, खूब आशीर्वाद देती ,।प्रत्येक सुहागन महिला को अखंड सौभाग्यवती रहो, यही आशीर्वाद देती और प्रतीक रूप में कुछ भेंट करके कहती, इससे चूड़ी पहनना। सभी को अखंड सौभाग्यवती आशीर्वाद देते हुए स्वयं भी सुहागिन चली गयी।
आज जब मैं देखती हूं, तो महसूस करती हूं कि बहुत ही सरल, सादा ,उदार जीवन रहा। उनका । वही उनके जीवन की असली पूंजी है।
अस्वस्थ होने पर भी बाबूजी की सेवा, घर के छोटे-मोटे काम जरूर करती रही । किचन उन्हें बहुत प्रिय था, चाय, दूध ,खाना बनाना, मुझे याद नहीं की कोई याचक कभी उनसे निराश हुआ हो। सचमुच, अन्नपूर्णा थी वे। परिवार से, हम बेटियों से, पोते पोतियो, पोता बहू, नाते नातिन
सभी के प्रति बहुत संतुष्ट रहा उनका जीवन।
शाम को प्रतिदिन प्रार्थना करती। हम सब का नाम लेकर स्मरण करते हुए सदैव सबके आरोग्य और सफलता की कामना करती रही ।
पिताजी, बाबूजी भाई ,भाभी ने भी उनका अंतिम समय भी प्रत्याख्यानकपूर्वक पूरा किया। बाबूजी बोले" बाई इस घर में शांति पूर्वक आई, और शांतिपूर्वक चली गई।"
मुझे लगता है, उनके पास क्या था, इसकी बजाए सबको यह याद रहा कि उन्होंने क्या दिया, चाहे चाय हो, दूध हो, नाश्ता हो भोजन हो, या उनके दिए गए आशीर्वाद, सभी को आज यही याद है ।सचमुच वे पुण्य आत्मा थी। हम भाई बहनों को गर्व है कि हम उनकी संतान हैं।
मेरे भाई भाभी भी उनके स्नेह की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे ऐसा मेरा पूरा विश्वास है।
" माता पिता जीवन से कभी जाते नहीं हैं। वह हमारे कार्य में व्यवहार में, स्वभाव में, सदैव दिखाई देते हैं ।"
"मां तो एक नदी है जिससे दूसरी नदी है निकली,
एक सदी है आगे जिसकी एक सदी है पिछली,
मां ममता की निर्झरिणी है और प्रेम की गागर,
इस गागर के जल में जाने बहते कितने सागर,
बेटी उसकी अनुकृति जैसी आकृति में ढल जाती ,
संस्कारों और गुणों से वह मां ही कहलाती ,
मां बेटी का रूप मनोहर पहचाना भी जाता,
याद किया जाता है जग में ऐसा सुंदर नाता,
जिसकी ममता की छाया में बड़े हुए हम पलकर,
मां से बढ़कर नहीं जगत में होता कोई सुंदर,
जन्म दिया, पाला ,पोसा अपनी गोद खिलाया ,
यह मदर्स डे उसी प्यार की याद दिलाने आया,"

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें