तो क्या करें

अभी एक फिल्म रिलीज हुई है, नाम है थप्पड़। इस फिल्म में घरेलू हिंसा के बारे में बताया है।
एक पढ़ी-लिखी लड़की अमृता को उसका पति विक्रम एक पार्टी में थप्पड़ मार देता है, लड़की के आत्मसम्मान को ठेस लगती है। पति के इस व्यवहार और आसपास के लोगों की चुप्पी से वह स्तब्ध रह जाती है ।पुरुष और स्त्री के रिश्ते पर फिल्म थप्पड़ सवाल उठाती है।
वह अपने पति के खिलाफ केस फाइल कर देती है ,और जब उससे इस बारे में पूछते हैं तो वह कहती है, बात एक थप्पड़ की है, पर क्यों ?
यह सवाल हम सबके लिए, समाज के लिए एक प्रश्न है, तो क्या करें ??
बात एक थप्पड़ कि नहीं स्त्री के आत्मसम्मान की है। हमारा सामाजिक दायरा इसी प्रकार बना हुआ है कि स्त्री को अभी भी पैरों की जूती समझा जाता है। निम्न वर्गों में तो यह घरेलू हिंसा आम है, किंतु अफसोस यह है कि मध्यम वर्गीय समाज ,आधुनिकता का लबादा ओढ़ा हुआ उच्च वर्गीय समाज कोई भी इससे अछूता नहीं है। अफसोस इस बात का है कि इस बात को एक सामान्य घटना या प्यार करने के एक तरीके के रूप में लेते हैं ।नारी के प्रति सहानुभूति संवेदना या भावना नहीं पनपती है, यह बहुत दुख की बात है ।
हम इसमें बदलाव कैसे करें? यह एक लंबी प्रक्रिया है ,सदियों से नारी को जिस रूप में समझा जाता है ,उसको बदलना आसान नहीं है। चाहे हम 21वीं शताब्दी में हैं ,नारी स्वतंत्रता की बहुत सी बातें करते हैं, नारियां मजबूत भी है ,आत्मनिर्भर भी है, साहसी भी है ,फिर भी कहीं न कहीं शारीरिक मानसिक पीड़ा झेलती रहती है। नारी की आत्मा को चोट पहुंचती रहती है।
हम हमारे बच्चों की परवरिश लिंग भेद के बगैर एक स्वस्थ स्नेह युक्त व खुले माहौल में करें ताकि हमारे बच्चे एक स्वतंत्र व्यक्तित्व के रूप में विकास कर सके। बचपन से ही चाहे वह लड़का हो या लड़की दोनों से बराबरी से घर के छोटे-मोटे काम करवाना चाहिए, लड़कों को ऐसे तैयार करना चाहिए कि वह मां बहन का सम्मान कर सके, लड़कों को ऐसा कभी नहीं कहे कि" अरे लड़के तो रोते नहीं हैं "लड़के तो घर का काम नहीं करते" और लड़कियों को यह भी नहीं कहना कि तुम्हें तो पराए घर जाना है । सही कहो तो हमारे कार्यों में , संस्कारों में मूल में भूल है। हम हमारे बच्चों के ऊपर बहुत इन्वेस्टमेंट करते हैं, पर बच्चों के अंदर बहुत कम। जब तक बच्चों में खासकर बेटों में, बेटियों के प्रति सम्मान की भावना का जन्म नहीं होगा तब तक स्त्री का अपमान करने वाले जन्म लेते रहेंगे और बढ़ते रहेंगे।
साथ ही नारी को नारी का सम्मान करना चाहिए चाहे वह किसी भी रूप में रहे ।
यह फिल्म घरेलू हिंसा पर एक प्रश्न है ,और सबके मन को एक बार सोचने का मौका देगी ।हमें भी इस दिशा में पहल करके हमारे लड़कों को नारी का सम्मान करें ,ऐसी भावना के साथ उनकी परवरिश करना है ,उन्हें सही और गलत का फर्क बताना है ।
स्त्री चाहे वह होम मेकर हो, कामकाजी हो, दुनिया की हर नारी को स्वाभिमान पूर्वक आत्म सम्मान पूर्वक जीने का पूरा पूरा हक है।
आखिर क्यों ना हो?
नारी ही तो घर की, परिवार की ,समाज की ,राष्ट्र की धूरी है !तो कैसे उसका अपमान करें? यथार्थ के धरातल पर भी इस बात को समझना है । ऐसा वातावरण तैयार करना है कि हमारे बेटों के अंदर लड़कियों के प्रति ,नारी के प्रति ,सम्मान की भावना आ जाए।
" कौन कहता है कि आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारो"
रचना पूर्णत: मौलिक और अप्रकाशित
श्रीमती सुधा जैन 23 त्रिमूर्ति नगर धार❤❤🌹🌹🌹
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें